रेगुलेटर के मुहाने पर सिल्ट, नहीं निकल रहा बाढ़ का पानी
जागरण संवाददाता बैरिया (बलिया) बकुल्हां-संसार टोला-टेंगरही तटबंध पर संसार टोला के पास बने रेगुलेटर के पूर्वी मुहाने पर सिल्ट जमा हो जाने के कारण बाढ़ के मौसम में रेगुलेटर से बंधे के भीतर रिस कर आया पानी वापस नहीं जा पा रहा है।
जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया) : बकुल्हां-संसार टोला-टेंगरही तटबंध पर संसार टोला के पास बने रेगुलेटर के पूर्वी मुहाने पर सिल्ट जमा हो जाने के कारण बाढ़ के मौसम में रेगुलेटर से बंधे के भीतर रिस कर आया पानी वापस नहीं जा पा रहा है। इससे हजारों एकड़ खेत अभी भी पानी में डूबे हैं। अगर सिल्ट साफ नहीं कराया गया तो इन खेतों में रबी की फसल नहीं बोई जा सकेगी।
उल्लेखनीय है कि लक्ष्मण छपरा, शोभाछपरा, कर्णछपरा, धतुरी टोला, रामनगर, दोकटी के हजारों किसान इस जल जमाव के कारण प्रभावित हैं। उनके हजारों एकड़ खेत अभी भी पानी में डूबे हुए हैं। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त व विधायक सुरेंद्र सिंह के हस्तक्षेप से बाढ़ विभाग द्वारा रेगुलेटर का फाटक तो खोल दिया गया कितु सिल्ट जमा होने से पानी का बहाव बंद हो गया है। किसानों ने जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी बैरिया व बाढ़ विभाग के अधिकारियों का ध्यान अपेक्षित करते हुए रेगुलेटर के मुहाने से तत्काल सिल्ट की सफाई कराने की मांग की है ताकि जल जमाव समाप्त हो जाय व हजारों एकड़ खेत परती न पड़े।