सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर बोले - 'एमएलसी चुनाव विधानसभा का रिहर्सल नहीं'
पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि एमएलसी चुनाव विधानसभा चुनाव का रिहर्सल नहीं है, दोनों की प्रकृति अलग ...और पढ़ें

ओमप्रकाश राजभर का बड़ा बयान: एमएलसी चुनाव विधानसभा का रिहर्सल नहीं, मौलाना मदनी पर भी साधा निशाना।
HighLights
एमएलसी चुनाव विधानसभा का रिहर्सल नहीं, राजभर का स्पष्टीकरण।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य की टिप्पणी पर 'चिंतन' की सलाह दी।
मौलाना अरशद मदनी के आरोपों को राजभर ने 'सौ फीसद झूठ' बताया।
जागरण संवाददाता, बलिया। प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) का चुनाव, विधानसभा चुनाव का रिहर्सल नहीं है। दोनों चुनावों की प्रकृति अलग-अलग है, इसलिए इनके परिणामों को विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखना उचित नहीं है।
बुधवार को सोहांव में आयोजित कृषि गोष्ठी में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत में राजभर ने कहा कि एमएलसी चुनाव में सीमित मतदाता वर्ग मतदान करता है, जबकि विधानसभा चुनाव में आम मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करता है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में कई पढ़े-लिखे लोग मतदान करने के बजाय छुट्टी मनाना पसंद करते हैं।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की उस टिप्पणी पर कि समाजवादी पार्टी का खाता वहां कैसे खुल गया, जहां नहीं खुलना चाहिए था और इस पर विचार किया जाएगा, राजभर ने कहा कि चिंता न करें, चिंतन करें। इस बयान को वाराणसी में खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव की जीत से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, राजभर ने एमएलसी चुनाव के परिणामों को विधानसभा चुनाव का संकेत मानने से इनकार किया। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी के उस बयान पर भी राजभर ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि मौजूदा सरकार के दौर में इस्लाम और उसकी धार्मिक पहचान को निशाना बनाया जा रहा है। राजभर ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मौलाना अरशद मदनी सौ फीसद झूठ बोल रहे हैं।
राजभर ने यह भी दावा किया कि आने वाले दिनों में न मदनी मौलाना की चलेगी और न मौलवी-मौलाना की चलेगी। उनके इस बयान से राजनीतिक और धार्मिक मुद्दों पर जारी बयानबाजी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। बता दें कि हाल में मदनी ने कहा था कि मस्जिदें फिर आबाद होंगी और अल्लाहु अकबर की सदाएं गूंजेंगी। इसी के सवाल पर राजभर ने प्रतिक्रिया दी।
