विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में एक ही परिवार में तीन मौतों के बाद 31 के लिए गए नमूने, दो स्क्रब टाइफस और एक डेंगू संक्रमित मिले

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 04 Sep 2026 06:29 PM (IST)

बलिया के पशुहारी गांव में एक ही परिवार में चार दिन में तीन मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने 31 ...और पढ़ें

बलिया में तीन मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, स्क्रब टाइफस और डेंगू के मरीज मिले।

बलिया में तीन मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, स्क्रब टाइफस और डेंगू के मरीज मिले।

HighLights

  1. पशुहारी गांव में एक परिवार में तीन लोगों की मौत।

  2. 31 नमूनों में दो स्क्रब टाइफस, एक डेंगू संक्रमित।

  3. स्वास्थ्य विभाग ने गांव में निगरानी और जागरूकता बढ़ाई।

जागरण संवाददाता, बलिया। बेल्थरारोड क्षेत्र के पशुहारी गांव में चार दिन के भीतर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में निगरानी बढ़ा दी है। लगातार हुई मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर लोगों की जांच शुरू की और संभावित संक्रमण की स्थिति को देखते हुए 31 लोगों के रक्त के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।

शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में तीन लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, लेकिन इनमें दो मरीजों में स्क्रब टाइफस और एक में डेंगू संक्रमण पाया गया है। रिपोर्ट सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित मिले तीनों लोगों को दवा उपलब्ध कराई है। साथ ही उन्हें आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

चिकित्सकों को तीनों मरीजों के स्वास्थ्य पर नियमित नजर रखने और समय-समय पर फालोअप करने के निर्देश दिए गए हैं। गांव में किसी अन्य व्यक्ति में बीमारी के लक्षण सामने आने की स्थिति में तत्काल उसकी पहचान कर जांच और उपचार उपलब्ध कराने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग की ओर से लोगों को बीमारी के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है। एक ही परिवार में कम समय के अंतराल पर तीन मौतें होने के बाद ग्रामीणों में बीमारी को लेकर चिंता का माहौल है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग संभावित मरीजों की पहचान और समय पर उपचार को प्राथमिकता दे रहा है।

स्क्रब टाइफस और डेंगू से बचाव के उपाय

  • घर और आसपास साफ-सफाई रखें तथा झाड़ियों की नियमित कटाई कराएं।
  • स्क्रब टाइफस से बचाव के लिए घास-फूस और झाड़ियों वाले स्थानों पर जाते समय पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें।
  • डेंगू से बचाव के लिए घर के आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, टायर और अन्य बर्तनों में जमा पानी नियमित रूप से खाली करें।
  • सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और आवश्यकतानुसार मच्छररोधी साधनों का प्रयोग करें।
  • बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द या अन्य असामान्य लक्षण होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से जांच कराएं।
  • संक्रमित या संभावित मरीजों का समय पर उपचार और चिकित्सकीय फालोअप कराएं।
  • स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा दी जा रही सलाह और सावधानियों का पालन करें।

-ग्राम प्रधान को गांव में जगह-जगह उगी झाड़ियों की साफ-सफाई कराने की सलाह दी गई है। विभाग की ओर से भी संबंधित गांव की निगरानी की जा रही है।

-

डा. अभय नारायण राय, मुख्य चिकित्साधिकारी, बलिया।