बरसात ने जलनिकासी व्यवस्था की खोली कलई
जागरण संवाददाता, नगरा (बलिया) : क्षेत्र में गत दो दिनों में हुई बरसात ने डिहवां ग्रामपंचायत म
जागरण संवाददाता, नगरा (बलिया) : क्षेत्र में गत दो दिनों में हुई बरसात ने डिहवां ग्रामपंचायत में जलनिकासी व्यवस्था की कलई खोल कर रख दी है। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर पानी से लबालब भर गया है। इससे छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मासूम घुटनों तक जमा पानी में चल कर स्कूल पहुंच रहे हैं। विद्यालय परिसर में जमा पानी के निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। आरोप है कि जलनिकासी हेतु बनी नालियों को दबंगों ने पाटकर अतिक्रमण कर लिया है। स्थिति यह है कि गांव में जगह-जगह जलजमाव हो चुका है जिससे ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। गांव में चारो तरफ जल ही जल दिखाई पड़ रहा है। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ती ही जा रही हैं। यहां तक कि कुछ दबंग किस्म के लोगों ने पोखरियों को भी पाट कर अतिक्रमण कर लिया है। शिक्षकों की मानें तो विद्यालय परिसर में बाहरी पानी जमा हुआ है। अब तो पानी से दुर्गंध भी निकलना शुरू हो गया है। इससे बच्चों में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बलवती हो गई है। शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में जमा पानी के निकास की व्यवस्था तत्काल किए जाने हेतु प्रशासन से गुहार लगाई है। ग्राम प्रधान इंदू गुप्त का कहना है कि जल निकासी के रास्ते पर हुए अतिक्रमण के चलते विद्यालय में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मौसम में सुधार होने पर विद्यालय परिसर में मिट्टी भरवाई जाएगी।