विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में विधान परिषद निर्वाचन की तैयारियां तेज, बलिया में 54 मतदेय स्थलों के भवन अधिग्रहि‍त

By Vns Milan K. Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 12 Oct 2026 01:00 PM (IST)

बलिया में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला ...और पढ़ें

यूपी विधान परिषद चुनाव 2026: बलिया में 54 मतदेय स्थल अधिग्रहित, तैयारियां जोरों पर।

यूपी विधान परिषद चुनाव 2026: बलिया में 54 मतदेय स्थल अधिग्रहित, तैयारियां जोरों पर।

HighLights

  1. बलिया में विधान परिषद चुनाव 2026 की तैयारियां तेज।

  2. 54 मतदेय स्थलों के भवनों का अधिग्रहण किया गया।

  3. प्रेक्षकों के लिए दो लाइजन अफसर नियुक्त किए गए।

जागरण संवाददाता, बलिया। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान संबंधी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के लिए जिले में 54 मतदेय स्थलों के भवनों को 21 से 25 अक्टूबर तक अधिग्रहित करने का आदेश जारी किया गया है।

वहीं, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त प्रेक्षकों के साथ संपर्क एवं समन्वय स्थापित करने के लिए दो लाइजन अफसर भी नामित किए गए हैं। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 160 के तहत मतदेय स्थलों के लिए निर्धारित भवनों के अधिग्रहण का आदेश जारी किया है।

अधिग्रहित किए जाने वाले 54 मतदेय स्थलों में स्नातक निर्वाचन के 34 और शिक्षक निर्वाचन के 20 स्थल शामिल हैं। भारत निर्वाचन आयोग से अनुमोदित सूची में शामिल भवनों के साथ उनके संपूर्ण परिसर, क्षेत्र और फर्नीचर आदि को भी अधिग्रहण में शामिल किया गया है। इन भवनों का उपयोग मतदान संबंधी कार्यों के संचालन के साथ-साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात अधिकारियों और मतदान कार्मिकों के ठहरने के लिए किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलसचिव, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और नगर शिक्षा अधिकारी को अपने-अपने अधीन आने वाले भवनों, परिसरों और फर्नीचर को 21 अक्टूबर 2026 को संबंधित तहसीलदार की ओर से भेजे जाने वाले तहसील कर्मचारी को सुपुर्द करने के निर्देश दिए हैं।

प्रेक्षकों के साथ समन्वय की जिम्मेदारी दो अधिकारियों को
निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त दोनों प्रेक्षकों के साथ संपर्क एवं समन्वय स्थापित करने के लिए लाइजन अफसरों की नियुक्ति की है। जारी आदेश के अनुसार, वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रेक्षक गौरी शंकर प्रियदर्शी, आईएएस के साथ समन्वय की जिम्मेदारी राजेश कुमार मिश्रा, एआरओ बांसडीह को सौंपी गई है।

वह जिला पूर्ति कार्यालय, बलिया से संबद्ध हैं। वहीं, वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रेक्षक प्रांजल यादव, आइएएस के साथ संपर्क एवं समन्वय स्थापित करने के लिए विमलेश यादव, आबकारी निरीक्षक बांसडीह को लाइजन अफसर नामित किया गया है। दोनों अधिकारियों को प्रेक्षकों के जनपद आगमन के दौरान आवश्यक संपर्क बनाए रखने और उनके लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रेक्षकों के बलिया आगमन की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों को अलग से अवगत कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने लाइजन अफसरों की नियुक्ति संबंधी आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। जिला प्रशासन की ओर से भवनों के अधिग्रहण और प्रेक्षकों के साथ समन्वय के लिए अधिकारियों की तैनाती को निर्वाचन तैयारियों की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। इन व्यवस्थाओं के जरिए मतदान संबंधी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने और निर्वाचन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया जा रहा है।