काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर बलिया में बनेगा महर्षि भृगु कारिडोर, शिलान्यास की तैयारी
बलिया में काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर महर्षि भृगु मंदिर कॉरिडोर का निर्माण होगा, जिसका शिलान्यास पर्यटन मंत्री जयवीर ...और पढ़ें

बलिया में महर्षि भृगु कॉरिडोर का शिलान्यास, काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर होगा विकास।
HighLights
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह करेंगे कॉरिडोर का शिलान्यास।
लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, सुविधाएं बढ़ेंगी।
जागरण संवाददाता, बलिया। महर्षि भृगु के आश्रम की आभा से भी पूरा लोक अलौकिक है। प्रदेश के सबसे पूर्वी भाग में बलिया में विद्यमान भृगु आश्रम प्राचीन काल से ही अपनी अनेक विशेषताओं के लिए प्रसिद्ध रहा है। महर्षि भृगु ने ज्योतिष की पुस्तक भृगु संहिता की रचना यहीं पर की थी। अब यह स्थल पर्यटन के मानचित्र पर भी दिखाई देगा।
महर्षि भृगु मंदिर के विकास का मार्ग प्रशस्त हो गया है। भृगु मंदिर कारिडोर का निर्माण काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर किया जाएगा। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह रविवार को सुबह 11 बजे महर्षि भृगु मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ कारिडोर का शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मार्च में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दी थी। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि महर्षि भृगु मंदिर के संपूर्ण निर्माण एवं विकास पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए 50 करोड़ रुपये की धनराशि प्रथम किस्त में मंजूर की गई है। परियोजना को दो चरणों में पूरा करने की योजना है।
प्रथम चरण में होगा यह काम
परिवहन मंत्री ने बताया कि प्रथम चरण में मुख्य प्रवेश द्वार सहित मंदिर परिसर के विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों पर 10 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। इसके बाद दूसरे चरण के कार्य भी जल्द शुरू किए जाएंगे। परियोजना के तहत मंदिर परिसर का विस्तार, व्यापक सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
कारिडोर निर्माण से मंदिर परिसर में चौड़े रास्ते, व्यवस्थित गलियारे और आधुनिक सुविधाएं विकसित होने की उम्मीद है। इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और धार्मिक आयोजनों के दौरान भी व्यवस्थाएं बेहतर हो सकेंगी। परियोजना पूरी होने के बाद महर्षि भृगु मंदिर परिसर को नया स्वरूप मिलेगा। इसके निर्माण से महर्षि भृगु मंदिर के विकास के साथ जिले में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
