Ballia: भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती, बढ़ी आफत; शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्था चरमराई
Ballia News रात आठ बजे से 11 बजे तथा सुबह पांच से नौ बजे तक विद्युत आपूर्ति ठप रहने से महिलाओं सहित स्कूल जाने वाले बच्चों को तैयार करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जागरण संवाददाता, बलिया : भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने आम जनमानस की पेरशानी बढ़ाकर रख दी है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति की व्यवस्था चरमरा गई है।
आपूर्ति के लिए रोस्टर का अनुपालन नहीं किया जा रहा है। विभाग लोड बढ़ने के कारण समस्या की बात कह रहा है। वहीं तेज हवा चलने पर कई स्थानों पर फाल्ट सामने आ रही है।
फाल्ट ठीक करने में कर्मचारियों के पसीने छूट जा रहे हैं। कई जगहों पर रात भर बिजली गुल रह रही है। बिजली न आने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है। बांसडीह में कई इलाकों में सारी रात बिजली गुल रही।
भीषण गर्मी में लगभग 30 गांव अंधरे में डूबे रहे। लोगों को रात जागकर बितानी पड़ी। बैरिया में भी गर्मी बढ़ने के साथ विद्युत आपूर्ति भी गड़बड़ होती जा रही है।
आए दिन फाल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हो रही है। तहसील मुख्यालय क्षेत्र में 20 घंटे की जगह 12 से 14 घंटे और ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे की जगह आठ से 10 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
जर्जर तार और पुराने ट्रांसफार्मर लोड बढ़ने के साथ ही जवाब दे दे रहे हैं। इससे घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित हो जा रही है।
नगरा में क्षेत्र के उपकेंद्र नगरा व सलेमपुर से विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। रेवती में अघोषित कटौती से नगर क्षेत्र की जनता बेहाल है। 18 घंटे की जगह 12 से 14 घंटे ही विद्युत की आपूर्ति हो पा रही है।
रात आठ बजे से 11 बजे तथा सुबह पांच से नौ बजे तक विद्युत आपूर्ति ठप रहने से महिलाओं सहित स्कूल जाने वाले बच्चों को तैयार करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।