72 घंटे के अंदर किसानों के खाते में पहुंचेगा धान खरीद का पैसा
जागरण संवाददाता बलिया शासन के निर्देश पर धान क्रय केंद्र खुल गए हैं कितु किसानों की आवक
जागरण संवाददाता, बलिया : शासन के निर्देश पर धान क्रय केंद्र खुल गए हैं कितु किसानों की आवक न होने के कारण केंद्र प्रभारी मायूस हैं। जिले में धान खरीद का जिम्मा पांच एजेंसियों के जिम्मे हैं। इसके लिए जिले भर में कुल 45 क्रय केंद्र बनाए गए हैं, जल्द ही कुछ और केंद्र खुलेंगे।
जिले के अधिकतर क्रय केंद्र शुक्रवार को बंद पड़े थे। इसकी शिकायत पर डिप्टी आरएमओ अविनाश चंद्र सागरवार ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कहा कि किसानों से धान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। ग्रेड ए का धान 1888 रुपये और सामान्य धान का मूल्य 1868 रुपये प्रति क्विटल निर्धारित किया गया है। 72 घंटे के अंदर धान खरीद का पैसा किसान के खाते में भेजने की व्यस्था है।
सागरवार ने बताया कि बेल्थरारोड, रसड़ा, सिकंदपुर व बांसडीह तहसील सहित अन्य धान उत्पाद क्षेत्रों पर विभाग का खास ध्यान है। इन केंद्रों पर कोई लापरवाही न हो इसकी लगातार निगरानी हो रही है। डिप्टी आरएमओ ने सभी केंद्र प्रभारियों को दो दिन के अंदर क्रय केंद्रों को न खोलने पर कार्रवाई का निर्देश दिया है।