विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'P से पहली हार, D से दूसरी हार और A से अबकी बार हार', पीडीए को लेकर ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला

Published: Sat, 05 Sep 2026 07:58 PM (IST)Updated: Sat, 05 Sep 2026 08:01 PM (IST)

प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बलिया में अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला, सपा के पीडीए को ...और पढ़ें

HighLights

  1. राजभर ने सपा के पीडीए को 'हार' का समीकरण बताया।

  2. अखिलेश के जन्माष्टमी पर मथुरा न जाने पर सवाल उठाए।

  3. 'पाठशाला पुकारे' अभियान पर सपा सरकार की तुलना की।

जागरण संवाददाता, बलिया। प्रदेश सरकार में मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने शनिवार को बलिया स्थित पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।

जन्माष्टमी, ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान और सपा के पीडीए को लेकर उन्होंने अखिलेश यादव पर तीखे राजनीतिक हमले किए और 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की हार का दावा किया। राजभर ने सपा के पीडीए को लेकर भी तंज कसते हुए कहा, ‘पी’ से पहली हार, ‘डी’ से दूसरी हार और ‘ए’ से अबकी बार हार।

उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों का हवाला देते हुए दावा किया कि 2027 में भी समाजवादी पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा। वह शनिवार को जिले के रसड़ा स्थित कार्यालय में 'सदस्यता अभियान कार्यक्रम' में शामिल हुए।

राजभर ने अखिलेश यादव के जन्माष्टमी पर मथुरा नहीं जाने को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि वह यदुवंशी हैं, लेकिन भगवान कृष्ण के नहीं बल्कि कंस के वंशज हैं। उन्होंने तंज किया कि यदि अखिलेश कृष्ण के वंशज होते तो जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा जरूर जाते। राजभर ने कहा कि भगवान कृष्ण को लेकर अखिलेश की आस्था को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

‘पाठशाला पुकारे’ अभियान पर पलटवार

अखिलेश यादव के ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान पर राजभर ने कहा कि सपा प्रमुख को अपने कार्यकाल और वर्तमान समय के प्राथमिक विद्यालयों की स्थिति की तुलना करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सपा-कांग्रेस के दौर में बच्चे टाट पर बैठकर पढ़ते थे और होमगार्ड जैसी वर्दी पहनकर स्कूल जाते थे, जबकि अब बच्चे निर्धारित वर्दी और बैग के साथ बेंच पर बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं।

तंज कसा कि अखिलेश यादव ने शिक्षक दिवस पर ‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम के जरिए प्रदेश में बंद प्राथमिक विद्यालयों को फिर खोलने की मांग उठाई है, ‘बंद स्कूल खुलेगा, तो पीडीए पढ़ेगा।’ इसी पर राजभर ने सपा के दावे पर सवाल खड़े किए। उन्होंने सपा नेतृत्व पर कार्यकर्ताओं और नेताओं पर भरोसा नहीं करने का आरोप भी लगाया।

सपा नेता लाल बिहारी यादव के कथित बयान का जिक्र करते हुए राजभर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता को महत्व देने के बजाय नेतृत्व के फैसले को ही अंतिम मानने की स्थिति बना दी गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यकर्ता लड़ता है और कार्यकर्ताओं का सम्मान होना चाहिए।

मुख्यमंत्री के समर्थन में सनातन पर भी बोले राजभर

सनातन धर्म को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का समर्थन करते हुए राजभर ने कहा कि देश की परंपरा और सनातन को कोई समाप्त नहीं कर सकता। जन्माष्टमी पर मथुरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को भी वहां जाना चाहिए था।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी ने वाराणसी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का क‍िया हवाई सर्वेक्षण, बाढ़ पीड़‍ितों को दी राहत सामग्री