विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में पंखे में उतरे करंट की चपेट में आकर नौ वर्षीय बच्ची की मौत

By Vns Milan K. Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 20 Sep 2026 06:53 PM (IST)

बलिया के रेवती क्षेत्र में घर में पंखे से करंट लगने से नौ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। गंभीर ...और पढ़ें

बलिया में पंखे से करंट लगने से नौ साल की बच्ची की दर्दनाक मौत।

बलिया में पंखे से करंट लगने से नौ साल की बच्ची की दर्दनाक मौत।

HighLights

  1. नौ वर्षीय बच्ची की करंट लगने से मौत।

  2. घर में पंखे से अचानक उतरा करंट।

  3. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम।

जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया)। रेवती क्षेत्र के दुर्जनपुर पुरानी बस्ती में रविवार को करंट की चपेट में आने से नौ वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घर में खेलते समय बिजली के पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गई।

स्वजन उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।

दुर्जनपुर पुरानी बस्ती निवासी नौ वर्षीय कुमारी परिधि रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच घर में खेल रही थी। इसी दौरान घर में चल रहे बिजली के पंखे में अचानक करंट उतर आया। अनजाने में पंखे की चपेट में आने से परिधि गंभीर रूप से झुलस गई और मौके पर ही अचेत हो गई।

हादसे के बाद स्वजन में अफरा-तफरी मच गई। वे आनन-फानन में बच्ची को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचे। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने बच्ची का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल बलिया के लिए रेफर कर दिया गया।

स्वजन बच्ची को लेकर जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम परिधि की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।