विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में यूपीआइ शुल्क के विरोध में परिवहन मंत्री के घर पहुंचे कांग्रेस नेता, सौंपा मांग पत्र

By Vns Milan K. Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 18 Sep 2026 06:31 PM (IST)

बलिया में जिला कांग्रेस कमेटी ने यूपीआई शुल्क के विरोध में विरोध मार्च और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ...और पढ़ें

बलिया में कांग्रेस का यूपीआई शुल्क के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, मंत्री आवास पर सौंपा ज्ञापन।

बलिया में कांग्रेस का यूपीआई शुल्क के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, मंत्री आवास पर सौंपा ज्ञापन।

HighLights

  1. बलिया कांग्रेस ने यूपीआई शुल्क के विरोध में मार्च निकाला।

  2. परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के आवास पर विरोध दर्ज कराया।

  3. व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ न डालने की कांग्रेस की मांग।

जागरण संवाददाता, बलिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी बलिया के नेतृत्व में शुक्रवार को यूपीआइ शुल्क के मुद्दे को लेकर विरोध मार्च एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों तथा आम जनता से जुड़े इस मुद्दे पर विरोध दर्ज कराया।

विरोध मार्च चिंटू पांडे चौराहा से शुरू होकर रेलवे स्टेशन, लोहा पट्टी, गुदरी बाजार, कासिम बाजार, टाउन हाल, विशुनिपुर और दवामंडी होते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के आवास तक पहुंचा। वहां इस दौरान कांग्रेसजन ने यूपीआइ शुल्क के मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया। विरोध स्वरूप पूजन सामग्री (गिफ्ट) व पत्र परिवहन मंत्री के प्रतिनिधि व अनुज धर्मेंद्र सिंह को भेंट की गई।

जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट संदेश है कि यूपीआइ पर शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा और व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की जेब पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त बोझ कांग्रेस स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि व्यापारी की आवाज दबेगी, तो कांग्रेस आवाज बनेगी। जनहित के सवालों पर संघर्ष रुकेगा नहीं।

जनसंवाद कार्यक्रम में कांग्रेसजन ने यूपीआइ शुल्क वापस लेने और पूंजीपतियों की कथित दलाली बंद करने की मांग को लेकर एकजुटता व्यक्त की। कार्यक्रम में राजेंद्र चौधरी, संतोष चौबे, सागर सिंह राहुल, सच्चिदानंद तिवारी, सत्य प्रकाश उपाध्याय, रुपेश चौबे, पारसनाथ वर्मा, हीराराम, अरुण कुमार, वंश बहादुर भारती, अमरनाथ राम, बबलू शर्मा, सुशील कुमार श्रीवास्तव, फूल बदन तिवारी आदि मौजूद रहे।