विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया में सात एकड़ में बनेगा मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय, शिलान्यास 25 सितंबर को

By Vns Milan K. Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 23 Sep 2026 02:39 PM (IST)

बलिया के कासिम बाजार में सात एकड़ में 22.78 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का निर्माण होगा, ...और पढ़ें

बलिया में 25 सितंबर को होगा मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं।

बलिया में 25 सितंबर को होगा मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं।

HighLights

  1. बलिया में सात एकड़ में बनेगा मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय।

  2. 22.78 करोड़ रुपये की लागत से होगा आधुनिक सुविधाओं का निर्माण।

  3. 25 सितंबर को होगा शिलान्यास, मंत्रीगण रहेंगे उपस्थित।

जागरण संवाददाता, बलिया। कासिम बाजार स्थित राजकीय इंटर कालेज कैंपस में करीब सात एकड़ में मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस की ओर से करीब 22.78 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यहां कक्षा एक से 12 तक के विद्यार्थी पढ़ाई करेंगे।

यहां स्कूल भवन के साथ ही मिड डे मिल भवन, छोटे बच्चों के लिए बाल वाटिका, एक प्लेग्राउंड, रेन वाटर हार्वेस्टिंग समेत प्रधानाचार्य व अध्यापकों के लिए आवास का भी निर्माण किया जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम 25 सितंबर को प्रस्तावित है जिसमें प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह के आने की संभावना है। गत मंगलवार को भी परिवहन मंत्री ने तैयारियों का जायजा लिया था।

प्रस्तावित विद्यालय में प्राथमिक से उच्च प्राथमिक स्तर तक के विद्यार्थियों को एक ही परिसर में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। विद्यालय में स्मार्ट क्लास, कक्ष, पेयजल, छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय और बिजली की व्यवस्था के साथ खेलकूद की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पुस्तकालय के अलावा विज्ञान और गणित की पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराने की योजना है। डिजिटल शिक्षण व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने साफ-सफाई, मंच, बैठने, सुरक्षा, पेयजल, बिजली और यातायात व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली थी। उन्होंने निर्देश दिया था कि 25 सितंबर के कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं और किसी स्तर पर लापरवाही न हो। इस दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। सीएंडडीएस के जेई अभिषेक सिंह ने बताया कि शिलान्यास की तैयारियां की जा रही है।