बलिया में चेकिंग से नाराज विधायक व समर्थकों ने वन दारोगा का पैर तोड़ा
बलिया में बैरिया थाना अंतर्गत चिरया मोड़ पर चेकिंग कर रहे वन विभाग के दारोगा व अन्य कर्मचारियों को दोआबा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेन्द्र सिंह व उनके गुर्गो ने जमकर पीटा।
बलिया (जेएनएन)। अनुशासन की लंबी-चौड़ी बातें करने वाली भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि ही सत्ता के मद में अनुशासन तोड़ रहे हैं। बलिया में चेकिंग ने नाराज विधायक के समर्थकों ने वन विभाग की टीम पर हमला बोल दिया। जिसमें वन दारोगा का पांव टूट गया।
बलिया में बैरिया थाना अंतर्गत चिरया मोड़ पर चेकिंग कर रहे वन विभाग के दारोगा व अन्य कर्मचारियों को बलिया जिले के बैरिया विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेन्द्र सिंह व उनके गुर्गो ने जमकर पीटा। जिससे वन दारोगा का पैर टूट गया। उनको तत्काल ही इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इतना ही नहीं वन दारोगा को जान से मारने की धमकी भी दी। गंभीर रूप से घायल दारोगा को जिला अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। दारोगा का चोट की वजह से पैर फैक्चर बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: रायबरेली में क्रूरता, तेरहवीं पत्नी की गला दबाकर हत्या
बलिया में कल देर रात बैरिया पहुंचे विधायक सुरेंद्र सिंह तथा 25-30 समर्थकों ने वन विभाग के कर्मचारियों व वन दारोगा सुभाष कुमार से की मारपीट। बताया जा रहा है कि बैरिया के चिरैया मोड़ पर अपनी ड्यूटी कर रहे वन दारोगा संतोष कुमार ट्रकों से शुल्क की रसीद काट रहा था, इसी बीच स्थानीय विधायक अपने समर्थकों के बीच आये और उन्होंने वन दारोगा के ऊपर अवैध वसूली का आरोप लगाकर मारने-पीटने लगे। इस मारपीट में वन दरोगा का पैर फैक्चर बताया जा रहा है।
वन कर्मी बैरिया के चिरैया मोड़ पर राजस्व वसूली कर रहे थे। वन विभाग के दारोगा ने कहा कि विधायक अपने 10-15 लोगों के साथ आये। उन्होंने पूछा कि क्या हो रहा है। जब वन विभाग के कर्मियों ने बताया कि राजस्व वसूली कर रहे हैं तो उन्होंने वन विभाग की टीम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। दारोगा से नाम और जाति पूछने के नाम भाजपा विधायक ने दारोगा को थप्पड़ जड़ दिया। उसके बाद उनके गुर्गों ने दोनों वन कर्मियों की पिटाई की। वनकर्मी को उन्होंने बैरिया जाने से मना किया तब दोनों जख्मी वनकर्मी अनिल सिंह की मदद से बलिया गए।
यह भी पढ़ें: अब साइबर जालसाजों के निशाने पर सचिवालय के कर्मचारी
सुभाष का पैर टूटा, अस्पताल में भर्ती। अब इस समय विधायक और उनके समर्थक वन कर्मचारियों पर वसूली का आरोप लगाते हुए बैठे धरने पर। दूसरी ओर जिला वन अधिकारी एन के सिंह प्राथमिकी दर्ज करवाने की तैयारी कर रहे हैं।
इस सम्बन्ध में स्थानीय विधायक सुरेंद्र सिंह से बात करने पर उन्होंने ऐसी किसी भी घटना के होने से इंकार किया। उन्होंने कहा कि मैंने या मेरे किसी समर्थक ने वन दारोगा को नहीं मारा। मैंने अवैध वसूली कर रहे वन दारोगा को मना किया था और कहा था कि मेरे क्षेत्र में किसी प्रकार की कोई अवैध वसूली नहीं होगी।
यह भी पढ़ें: फोन पर विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार
सुरेंद्र सिंह वही विधायक हैं जिन्होंने विधायक बनने के दो महीने बाद ही अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। बीते कुछ दिनों में बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह अपनी ही सरकार व उसके अधिकारियों पर लालफीताशाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतर आये थे और मानव श्रृंखला बनाकर अपना विरोध जताया था तथा अनशन की धमकी दी थी।