संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप
थाना क्षेत्र के चकिया गांव में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों
जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया) : थाना क्षेत्र के चकिया गांव में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में पूजा (24) पत्नी मंजय सिंह की मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। वहीं ससुराल वाले आत्महत्या करने की बात कहते रहे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पति को हिरासत में ले लिया है।
पूजा सिंह की शादी तीन वर्ष पूर्व मंजय सिंह के साथ हुई थी। इन दोनों के बीच दो वर्ष की जुड़वा बेटियां भी हैं। पूजा का मायका बैरिया थाना क्षेत्र के टोला शिवन राय गांव में है। मृतका के पिता राधेश्याम सिंह उर्फ मुन्ना सिंह किसान हैं। दादा रमेश सिंह ने बताया कि रात को एक बजे पोती ने फोन कर बताया कि पति ने मारा-पीटा है। मेरा एक हाथ टूट गया है। उन्होंने फोन कर मंजय सिंह को समझाने का प्रयास किया। सुबह फोन करने पर मंजय ने कहा कि हैंडपंप पर पूजा फिसल कर गिर गई है। इलाज कराने के लिए पैसे की जरूरत है। इसके बाद फोन कट गया। बाद में पड़ोसियों ने बताया कि पोती की मौत हो गई है। दादा के अनुसार वे इसके बाद उसके घर पहुंचे तो पता चला कि सब अस्पताल गए हैं। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। दो मासूम बच्चियों का रोते-रोते बुरा हाल हो गया है। एसएचओ राजीव कुमार मिश्र ने बताया की अभी तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल पूछताछ के लिए मृतका के पति को हिरासत में लिया गया है।