हमेशा प्रासंगिक रहेंगे महात्मा गांधी के विचार
जागरण संवाददाता रसड़ा (बलिया) खादी वस्त्र नहीं विचार है। इसकी प्रासंगिकता कल भी थी आज भी
जागरण संवाददाता, रसड़ा (बलिया) : खादी वस्त्र नहीं विचार है। इसकी प्रासंगिकता कल भी थी आज भी है और आने वाले दिनों में भी रहेगी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सादगी के प्रतिमूर्ति थे। उनका संपूर्ण जीवन समाज व राष्ट्र को समर्पित था। उनके विचार सदैव प्रासंगिक बने रहेंगे।
शनिवार को रसड़ा नगर के आजाद चौराहे के समीप नव निर्मित खादी ग्रामोद्योग भवन का लोकार्पण करने के पश्चात मुख्य अतिथि खादी ग्रामोद्योग के निदेशक एसएस धनकड़ ने उक्त बातें कहीं। इसके पूर्व उन्होंने खादी ग्रामोद्योग के प्रबंधक ओमप्रकाश सिंह व अखिलेश सिंह के साथ महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान स्वदेशीय आंदोलन का सूत्रपात कर जनता में राष्ट्रीयता का भाव पैदा किया। हमें गांधी के आदर्शों पर चलकर नए राष्ट्र का निर्माण करना होगा।
इस मौके पर हरिपाल गिरि, रामानंद यादव, एके उपाध्याय, प्रेमकिशोर शर्मा, रजत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, ब्रह्मानंद सिंह, सुरेश यादव, बिजली यादव ने भी विचार रखे। ओमप्रकाश सिंह ने सभी का अभिवादन करते हुए आभार व्यक्त किया।