महीनों से खराब पड़ी विद्युत सब स्टेशन सुखपुरा की ट्रालियां
जागरण संवाददाता, सुखपुरा (बलिया) : विद्युत सब स्टेशन सुखपुरा पर विद्युत आपूर्ति के लिए उपलब्ध ट्रालियां महीनों से खराब हैं जिसके चलते विद्युत आपूर्ति में व्यवधान पड़ता रहता है।
जागरण संवाददाता, सुखपुरा (बलिया) : विद्युत सब स्टेशन सुखपुरा पर विद्युत आपूर्ति के लिए उपलब्ध ट्रालियां महीनों से खराब हैं जिसके चलते विद्युत आपूर्ति में व्यवधान पड़ता रहता है। सब स्टेशन से विभिन्न रूटों के लिए विद्युत आपूर्ति के लिए विभाग ने लगभग आधा दर्जन ट्रालियां उपलब्ध कराई है। इसमें आधे से अधिक ट्रालियां खराब होकर विद्युत स्टेशन का शोभा बढ़ा रही हैं। शेष ट्रालियां भी जर्जर अवस्था में है जिससे किसी तरह विद्युत कर्मचारी काम चला रहे हैं। सब स्टेशन से जुड़े गांवों में विद्युत आपूर्ति के लिए दो फीडर निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक फीडर पर विद्युत आपूर्ति हेतु दो ट्राली की नितांत आवश्यकता है। ट्राली के खराब रहने से कर्मचारियों को लकड़ी के सहारे आपूर्ति बहाल करना पड़ता है जो काफी जोखिम भरा है। इसी वजह से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति हर 5-10 मिनट पर आती जाती रहती है और उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति का कोई लाभ नहीं मिल पाता। कर्मचारियों ने ट्राली खराब होने की शिकायत संबंधित उच्चाधिकारियों से कई बार की बावजूद इसके नई ट्राली विभाग ने आज तक उपलब्ध नहीं कराया। इसको लेकर जहां कर्मचारी जान जोखिम डालकर क्षेत्र में बिजली की सप्लाई बहाल करते हैं वहीं विद्युत उपभोक्ता बार-बार बिजली आने जाने से आक्रोशित भी हैं।