बलिया के ददरी मेला में मीना बाजार की दुकानों के लिए 12 से 14 नवंबर तक होगा भूमि आवंटन
बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेला 2026 के लिए मीना बाजार में दुकानों के भूमि आवंटन की प्रक्रिया 12 से 14 ...और पढ़ें

बलिया ददरी मेला 2026: मीना बाजार में दुकानों के लिए भूमि आवंटन शुरू, जानें प्रक्रिया।
HighLights
ददरी मेला 2026 मीना बाजार भूमि आवंटन 12-14 नवंबर तक।
'पहले आओ, पहले पाओ' आधार पर होगा दुकानों का आवंटन।
पंजीकरण और शुल्क जमा करना अनिवार्य, अलग काउंटर व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेला-2026 के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगर पालिका परिषद बलिया ने मीना बाजार में दुकानों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित कर दी है। इसके तहत 12 से 14 नवंबर तक पशु मेला नंदी ग्राम स्थित पालिका के अस्थायी कार्यालय में रजिस्ट्रेशन और शुल्क जमा करने की व्यवस्था की गई है।
भूमि का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। व्यवस्था को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अलग-अलग पंक्तियों के लिए अलग काउंटर बनाए जाएंगे। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संत कुमार ने प्रभारी अधिशासी अधिकारी आसाराम वर्मा को पत्र जारी कर भूमि आवंटन के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि ददरी मेला-2026 का भव्य आयोजन कराने के लिए पालिका योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है, ताकि दुकानदारों और मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अध्यक्ष के अनुसार, धार्मिक और पौराणिक महत्व रखने वाले ददरी मेले के पहले चरण में पशु मेला नौ नवंबर से नंदी ग्राम में शुरू होगा।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान के साथ मीना बाजार का शुभारंभ होगा। मीना बाजार का आयोजन 24 नवंबर से 20 दिसंबर तक प्रस्तावित है। दुकानों के लिए भूमि आवंटन कार्तिक पूर्णिमा से एक सप्ताह पूर्व किया जाना है।
भूमि आवंटन के लिए 12 से 14 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से पशु मेला नंदी ग्राम स्थित नगर पालिका के अस्थायी कार्यालय में रजिस्ट्रेशन और शुल्क जमा किया जाएगा। प्रत्येक पंक्ति के लिए अलग काउंटर बनाया जाएगा।
निर्धारित व्यवस्था के तहत दक्षिण से उत्तरमुखी पंक्ति के लिए लिपिक अभिनव कुमार और कर संग्रहक शनि कुमार, मध्य पंक्ति उत्तरमुखी के लिए लिपिक अभिषेक भगत और रितेश भारती, मध्य पंक्ति दक्षिणमुखी के लिए लिपिक अजय खरवार और भावना पांडेय तथा उत्तर से दक्षिणमुखी पंक्ति के लिए लिपिक अरुण कुमार पांडेय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गंगेश्वर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सभी काउंटरों के निरीक्षण और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कर अधीक्षक सैयद अख्तर मेंहदी आबदी, राजस्व निरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह तथा अमरजीत तिवारी, धीरेन्द्र कुमार सरोज, प्रमोद कुमार सिंह और श्यामजी सहित अन्य कर्मचारियों को सौंपी गई है।
नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण और शुल्क जमा करने की रसीद के किसी भी दुकानदार को भूमि आवंटित नहीं की जाएगी। आवंटित भूमि किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित करने की अनुमति भी नहीं होगी। पालिका का उद्देश्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत मीना बाजार में दुकानों का आवंटन कर मेले का आयोजन व्यवस्थित ढंग से कराना है।
चार श्रेणियों में निर्धारित हुईं दरें
नगर पालिका बोर्ड की स्वीकृति के अनुसार, मीना बाजार में दुकानों के लिए भूमि की दरें पंक्तिवार निर्धारित की गई हैं।
- दक्षिण से उत्तरमुखी पंक्ति : 14,000 रुपये प्रति लट्ठा।
- मध्य पंक्ति उत्तरमुखी : 11,000 रुपये प्रति लट्ठा।
- मध्य पंक्ति दक्षिणमुखी : 12,000 रुपये प्रति लट्ठा।
- उत्तर से दक्षिणमुखी पंक्ति : 14,000 रुपये प्रति लट्ठा।
