जनता की हितों का हर हाल में ध्यान रखें कर्मचारी
जागरण संवाददाता, बलिया: नगर विधायक आनंद स्वरूप शुक्ल ने कहा कि चल रहे कर्मचारियों की हड
जागरण संवाददाता, बलिया: नगर विधायक आनंद स्वरूप शुक्ल ने कहा कि चल रहे कर्मचारियों की हड़ताल से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस लोकतंत्र में किसी को भी अराजकता फैलाने का अधिकार नहीं है। कर्मचारियों को जनता के हित को ध्यान में रखते हुए सोमवार से अपने काम पर लौट जाना चाहिए ताकि सभी के कार्य शांति पूर्वक हो सके। वह रविवार को इस प्रकरण में पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि कुछ कर्मचारी नेता जिनकों सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं मिल रहा है वो लोग छोटी सी बात को तूल पकड़ा कर आंदोलन का रुप दे रहे हैं। ऐसे लोगों पर सरकार भी विचार कर रही है। बैरिया विधायक के भतीजे पर मुकदमा दर्ज होना ही बड़ी बात है। अगर बैरिया विधायक किसी तरह के भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आंदोलित होते है तो मैं भी हर कदम पर भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन में उनके साथ हूं। कर्मचारी सरकार के अंग है यदि वो भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाते हैं तो सरकार भी बदनाम होगी। लोकतंत्र में नौकरशाही पर नजर रखने के लिए ही जनता के प्रतिनिधि के रूप में कोई भी जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं। सरकार की मंशा के विपरीत कर्मचारी अपना आचरण रखेंगे तो वे सजा के हकदार हैं। इसलिए यदि आज से कर्मचारी अपना हड़ताल समाप्त नहीं करते है तो आगे उन पर दूसरे रूप में विचार किया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका कर्मचारियों के संबंध में कहा कि नगरपालिका के हर कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त है। नगर पालिका के कर्मियों ने हड़ताल के माध्यम से नगर की बिजली व पानी को बाधित करने की चेतावनी दी है अगर नगर के एक भी मोहल्ले की बिजली व पानी बाधित की जाती है तो बाधित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी भवानी ¨सह खंगारौत से आग्रह किया है कि नगरपालिका के जिन कर्मियों का स्थानांतरण गैर जनपद के लिए हो गया है। उन्हें जल्द ही उस जिले के लिए भेज दिया जाए। जिससे नगरपालिका को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जा सके।