घाघरा की उफनती लहरों से बढ़ा खतरा, तटवर्ती इलाकों में दहशत
घाघरा की उफनती लहरों से बढ़ा खतरा
जागरण संवाददाता, बिल्थरारोड (बलिया): घाघरा की उफनाती लहरों ने तटवर्ती लोगों की नींद हराम कर दी है। धीरे-धीरे ही सही पानी की पहुंच अब गांवों में हो रही है। हालांकि जलस्तर अभी खतरे के निशान से नीचे है, फिर भी नदी का तेवर देख लोगों का दिल सहम जा रहा है। उफनती लहरों का तेवर देख तटवर्ती लोगों में काफी दहशत है।
उधर तुर्तीपार गांव के मल्लाह और माली बस्ती के समीप कटान तेज हो गया है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार तुर्तीपार हेड पर जलस्तर गुरुवार को 63.620 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 99 सेंटीमीटर नीचे है। वैसे कल की अपेक्षा नदी की प्रकृति में थोड़ी स्थिरता जरुर देखी गई लेकिन अगले 24 घंटे में जलस्तर में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। जलस्तर में वृद्धि का क्रम जारी रहा तो बाढ़ की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। तटवर्ती तुर्तीपार गांव की माली बस्ती और मल्लाह बस्ती के सामने कटान हो रही है। हाहानाला राजभर बस्ती टंगुनियां से लेकर गुलौरा-मठिया शिवमंदिर, बिल्थराबाजार व हल्दीराम पुर आदि तटवर्ती क्षेत्रों में घाघरा का पानी पहुंचने शुरू हो गया है। एसडीएम मोतीलाल यादव ने बताया कि बाढ़ और कटान प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। गंगा बढ़ाव पर, तटवर्ती क्षेत्रों में कटान जारी
बैरिया : पिछले तीन दिनों से गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से तटवर्ती दुबेछपरा, उदईछपरा, गोपालपुर के पास बनाए गए रिग बंधे के पास गंगा के बैकरोल धारा का दबाव बनने लगा है। वहीं उदईछपरा के रामप्रसन्न सिंह के घर के पास रिग बंधे के दक्षिण हिस्से में कटान भी शुरु हो गई है। ऐसी स्थिति में तटबंध पर खतरा मंडराने लगा है। उधर क्षतिग्रस्त रिगबांध व स्पर का कार्य कच्छप गति से चलने की वजह से केहरपुर ग्राम पंचायत के लोग भयाक्रांत हैं।
मझौंवा : गंगा के जलस्तर में गुरुवार को भी वृद्धि का क्रम जारी रहा। केंद्रीय जल आयोग गायघाट केंद्र पर सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 53.56 मीटर दर्ज किया गया। वहीं अपराह्न दो बजे 56.65 मीटर दर्ज किया गया। गंगा प्रति घंटा एक सेमी की रफ्तार से बढ़ाव पर है। वहीं अवशेष चौबेछपरा, रामगढ़ के सोनारटोला, बनिया टोला के लोग कटान के मुहाने पर खड़े होने के कारण दहशत में है। हालांकि गायघाट में चेतावनी बिदु 56.615 मीटर है। वहीं खतरा बिदु 57.615 मीटर है।