विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जनवरी 2027 से पूरब की तरक्की का नया पथ होगा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 26 Oct 2026 02:51 PM (IST)

गाजीपुर से बलिया होते हुए बिहार सीमा तक बन रहा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे जनवरी 2027 तक पूरी तरह चालू हो जाएगा। ...और पढ़ें

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे: जनवरी 2027 से पूर्वांचल की तरक्की का नया मार्ग।

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे: जनवरी 2027 से पूर्वांचल की तरक्की का नया मार्ग।

HighLights

  1. जनवरी 2027 तक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पूरी तरह चालू होगा।

  2. पूर्वांचल और बिहार के बीच व्यापार, परिवहन को गति मिलेगी।

  3. यह एक्सप्रेस-वे 184 गांवों से होकर गुजरेगा, दिल्ली यात्रा सुगम।

जागरण संवाददाता, बलिया।पूर्वांचल के जिलों को लंबे समय से बेहतर सड़क संपर्क की दरकार रही है। अब गाजीपुर से बलिया होते हुए बिहार की सीमा तक बन रहा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे इस क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने की उम्मीद जगा रहा है। जनवरी 2027 से इसके शेष हिस्से पर भी वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।

इससे पूर्वांचल और बिहार के बीच यात्रा सुगम होने के साथ व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। 134.300 किलोमीटर लंबे इस कारिडोर पर 5320 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। परियोजना एनएच-29 पर हृदयपुर गांव के पास से शुरू होकर छपरा-मांझी एनएच-19 को पार करते हुए नए रिविलगंज बाईपास के रास्ते बिहार की सीमा तक जाती है।

इसे चार चरणों में पूरा किया जा रहा है। एनएचएआइ के अनुसार, पहले चरण में हृदयपुर से शाहपुर तक 42.50 किलोमीटर सड़क पर आवागमन शुरू हो चुका है। दूसरे चरण में शाहपुर से पिंडारी तक 35.65 किलोमीटर सड़क को नवंबर के अंत तक चालू करने की तैयारी है। इसके बाद तीसरे हिस्से में पिंडारी से बैरिया होते हुए रिविलगंज बाईपास तक 38.37 किलोमीटर सड़क को जनवरी 2027 में चालू करने की तैयारी है। चौथा हिस्सा 17.27 किलोमीटर बक्सर स्पर का है।

200 गांवों से होकर गुजर रहा एक्सप्रेस-वे
यह एक्सप्रेस-वे गाजीपुर से बलिया तक 184 गांवों से होकर गुजर रहा है। इसमें बलिया के 82, बैरिया के 16 व गाजीपुर जनपद के 86 गांवों के लोगों को भी सहूलियत होगी।

दिल्ली जाने का सफर भी होगा आरामदायक
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पूरी तरह से चालू हो जाने के बाद बलिया से दिल्ली जाने का सफर भी आरामदायक हो जाएगा। गाजीपुर से छह लेन सड़क पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर 340 किलोमीटर की दूरी तय कर लखनऊ पहुंचने के बाद वहां से 300 किलोमीटर के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे का संपर्क मिल जाएगा और आगरा से यमुना एक्सप्रेस-वे पर 180 किमी दूरी तय कर आराम से लोग नोएडा पहुंच जाएंगे।

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का एक फेज चालू है। दूसरे फेज का काम भी पूर्ण हो गया है। जनवरी से तीसरे और चौथे फेज को भी पूर्ण रूप से चालू कर दिया जाएगा। सभी जगह निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

-

पीयूष अग्रवाल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआइ, आजमगढ।