सर्द हवाओं ने बढ़ाई गलन, हर कोई रहा परेशान
जनपद में ठंड का असर अब पूरी तरह से दिखने लगा है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बर्फबारी से मैदानी इलाकों में गलन व ठिठुरन बढ़ गई है। बुधवार की सुबह ठंड के कारण लोग सिकुड़े नजर आए।
जागरण संवाददाता, बलिया: जनपद में ठंड का असर अब पूरी तरह से दिखने लगा है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बर्फबारी से मैदानी इलाकों में गलन व ठिठुरन बढ़ गई है। बुधवार की सुबह ठंड के कारण लोग सिकुड़े नजर आए। सर्द हवाओं ने लोगों की मुश्किलें ओर बढ़ा दी। लोग देर से अपनी दिनचर्या शुरू किए। दुकान से लेकर मजदूर तक सभी कार्यस्थल पर विलंब से पहुंचे। हालांकि धुंध तो नहीं थी लेकिन ठंड का सितम लोगों को पस्त किये रहा। दिन में भगवान भास्कर का दीदार भी हुआ लेकिन पछुवा हवा की वजह से इसका असर भी कम ही दिखाई दिया। सबसे अधिक बेहाल पशु-पक्षी रहे। ठंड के कारण शाम को सड़कें सूनी रहीं। दुकानें भी जल्द बंद होने लगीं। शीत लहर के साथ जारी रहेगा कोहरा का प्रकोप : डा. गणेश पाठक
पर्यावरणविद् डा. गणेश पाठक ने कहा है कि अभी तक तो हम शीत लहर का प्रकोप काफी कम है, किन्तु आगे आने वाले दिनों में कोहरा के साथ ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा। वैसे उत्तर भारत के दिल्ली एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तो कोहरे का प्रकोप पहले से ही जारी है, किन्तु अब बलिया सहित पूर्वी उत्तर-प्रदेश में भी कोहरे ने धीरे-धीरे अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। आगामी दिनों में यह खतरनाक रूप धारण कर सकता है। पछुवा प्रवाह (पश्चिमी विक्षोभ) एवं कोहरा मिलकर ठंढ में और बढ़ोत्तरी कर सकते हैं। कारण कि कोहरा छाने से सूर्य की किरणें धरातल पर नहीं पहुंच पाएंगी, जिससे तापमान में और कमी आएगी। लिहाजा ठंड और बढ़ जाएगी।