बिहार के गोपालगंज से वाराणसी मुंडन संस्कार कराने जा रही अनियंत्रित कार पुलिया की रेलिंग तोड़ नहर में गिरी, चार गंभीर
रसड़ा-नगरा मार्ग पर सिंगही चट्टी के पास एक अनियंत्रित कार पुलिया की रेलिंग तोड़कर नहर में जा गिरी, जिससे एक ...और पढ़ें

रसड़ा-नगरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा अनियंत्रित कार नहर में गिरी चार गंभीर।
HighLights
रसड़ा-नगरा मार्ग पर सिंगही चट्टी के पास कार दुर्घटना।
अनियंत्रित कार पुलिया की रेलिंग तोड़ नहर में जा गिरी।
हादसे में एक मासूम सहित चार लोग गंभीर घायल हुए।
जागरण संवाददाता, रसड़ा (बलिया)। रसड़ा-नगरा मार्ग पर सिंगही चट्टी के समीप गुरुवार की मध्यरात्रि एक भीषण सड़क हादसा हो गया। फोरलेन सड़क निर्माण के लिए बन रहे पुल के पास एक अनियंत्रित कार पुरानी पुलिया की ईंट की रेलिंग तोड़ते हुए पानी से भरी नहर में जा गिरी। हादसे में एक मासूम समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आईं।
बिहार के गोपालगंज जिले के कटया क्षेत्र निवासी 45 निवासी वेदांती देवी, 30 वर्षीय महेश्वर शाह, 17 वर्षीय पल्लवी और पांच वर्षीय अंकुश समेत छह लोग कार से वाराणसी में मुंडन संस्कार कराने जा रहे थे। गुरुवार की मध्यरात्रि जैसे ही उनकी कार रसड़ा-नगरा मार्ग पर सिंगही चट्टी के समीप राजवाहा नहर की पुलिया के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित हो गई।
कार पुलिया की ईंट की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरी। हादसे के बाद कार में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), रसड़ा पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मामूली रूप से घायल दो लोगों को छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल वेदांती देवी, महेश्वर शाह, पल्लवी और अंकुश को बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया गया।
निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
रसड़ा से नगरा तक फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। मार्ग पर कई स्थानों पर पुल और पुलिया का निर्माण भी प्रगति पर है। स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य की धीमी गति और निर्माणाधीन स्थलों पर पर्याप्त सावधानी संकेतक नहीं लगाए जाने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सिंगही चट्टी के समीप हुए इस हादसे ने एक बार फिर निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे स्थलों पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक और जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करना दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बेहद जरूरी है।
