पंखे से लटकता मिला विवाहिता का शव
घर के एक कमरे में गुरुवार को पंखे से लटकता विवाहिता
जागरण संवाददाता, सहतवार (बलिया) : घर के एक कमरे में गुरुवार को पंखे से लटकता विवाहिता प्रीति (24 वर्ष) पत्नी आकाश चौबे का शव मिला। क्षेत्र के बघांव गांव में विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने नमूने लिए। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई।
प्रीति बुधवार की रात खाना खाकर अपने कमरे में तीन वर्षीय बेटे बबलू के साथ सोने चली गई। गुरुवार की सुबह देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर ससुराल वाले आवाज लगाने लगे। इधर बच्चे के अंदर से रोने की आवाज आने लगी। इस पर परिवार के सदस्यों ने खिड़की से झांककर देखा तो प्रीति का शव पंखे के सहारे लटकता मिला।
परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर पंखे के हुक में दुपट्टे से लटकता शव मिला। यह देख परिवार के सदस्य अवाक रह गए। लोगों ने घटना की सूचना प्रीति के मायके वालों को बरियारपुर गांव में दी। पुलिस को भी सूचित किया गया। मायके वालों के सामने ही शव को नीचे उतारा गया। प्रीति का पति मऊ में प्राइवेट नौकरी करता है। प्रीति ने यह कदम क्यों उठाया, इस बाबत कोई कुछ बताने को तैयार नहीं था। पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने नमूने लिए। पुलिस भी मामले की तह तक जाने के लिए छानबीन शुरू कर दी है।