पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज, तीन आरोपी गिरफ्तार
जागरण संवाददाता दोकटी (बलिया) दोकटी थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी इंटर कालेज दलन छपरा क
जागरण संवाददाता, दोकटी (बलिया) : दोकटी थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी इंटर कालेज दलन छपरा के मैदान में रविवार की शाम वाहन दुर्घटना में दलन छ्परा के रहने वाले नंद बिहारी पटेल 12 वर्ष की मौत हो गई थी। नंद के पिता दीनबंधु पटेल की तहरीर पर दोकटी पुलिस ने तीन नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। तीन नामजद आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
चार पहिया वाहन चलाना सीखते समय वाहन की जद में आने से नंद बिहारी पटेल की मौत हो गई थी। मृतक के पिता दीनबंधु पटेल ने तहरीर दी है कि दलन छपरा के रहने वाले विनोद यादव, धर्मेंद्र यादव व रामपुर के बुआ यादव तथा दो अज्ञात लोगों ने पुरानी रंजिशवश जाइलो से जानबूझ कर मेरे बेटे को दबा कर हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर दोकटी पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। बुआ यादव व धर्मेंद्र यादव को आक्रोशित लोगों ने जम कर धुनाई की थी। पुलिस ने उनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा में कराया है। घटना में शामिल वाहन को पुलिस ने सीज कर लिया है।