विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फेफना विधायक का रिपोर्ट कार्ड : बड़ी परियोजनाओं का मलाल, आज भी क्षेत्र की सड़कें बदहाल

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 05 Sep 2026 12:18 PM (IST)

फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव ने अपनी निधि से सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में विकास कार्य कराए ...और पढ़ें

फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव का रिपोर्ट कार्ड विकास कार्य और चुनौतियां।

फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव का रिपोर्ट कार्ड विकास कार्य और चुनौतियां।

HighLights

  1. विधायक निधि से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य में विकास कार्य हुए।

  2. बड़ी परियोजनाओं का अभाव, क्षेत्र की सड़कें बदहाल हैं।

  3. जनता की मांग: अस्पताल, कॉलेज, एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव।

जागरण संवाददाता, बल‍िया। जिले का फेफना विधानसभा क्षेत्र खादी आश्रम और रेलवे जंक्शन के लिए पूरे प्रदेश में जाना जाता है। सियासी दृष्टि से भी यह सीट बेहद अहम मानी जाती है। यह सपा के संस्थापक सदस्य और पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी का गृह क्षेत्र रहा है। वहीं भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी का भी यह गृह क्षेत्र है।

वर्ष 2017 में इस सीट पर भाजपा के उपेंद्र तिवारी ने जीत दर्ज कर मंत्री पद संभाला था। लेकिन 2022 के चुनाव में यहां समीकरण बदल गए। सपा और भाजपा में सीधी लड़ाई हुई। सपा के संग्राम सिंह यादव ने भाजपा के मंत्री रहे उपेंद्र तिवारी को हराकर यह सीट सपा की झोली में डाली। वर्तमान में विधायक संग्राम सिंह यादव सपा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।

विधायक संग्राम सिंह यादव ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में उन्होंने अपनी विधायक निधि और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी है। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में कई कार्य कराए गए हैं। क्षेत्र में दर्जनों संपर्क मार्गों का निर्माण कराया गया है, जिससे गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।

जनता की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने अलावलपुर स्थित एक प्राथमिक विद्यालय को गोद लिया है। यहां गरीब और जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई, किताब, यूनिफार्म और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का दायित्व वह स्वयं उठा रहे हैं। उनका मानना है कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है।

विधायक ने कहा कि प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार न होने के कारण फेफना क्षेत्र में बड़ी परियोजनाएं नहीं आ सकीं। इसके बावजूद छोटे-बड़े कार्यों के माध्यम से जनता की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया गया। उन्होंने दावा किया कि यदि उनकी सरकार बनती है तो फेफना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलेगी। खादी आश्रम को पुनर्जीवित करने और रेलवे जंक्शन के आसपास सुविधाओं को बढ़ाने की योजना पर भी काम चल रहा है।

उनका लक्ष्य फेफना को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करना है। हालांकि क्षेत्र के चितबड़ागांव-मर्ची खुर्द मार्ग, चितबड़ागांव-महरेव गांव का मार्ग दो वर्ष से बदहाल स्थिति में हैं। क्षेत्र में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से चल रही है। फेफना-गड़वार मार्ग पर रेलवे क्रासिंग पर ऊपरगामी सेतु की भी लंबे समय से मांग उठ रही है। इसके बन जाने से जाम की समस्या हल हो सकती है। लोगों का कहना है कि कई ग्रामीण संपर्क मार्ग जर्जर हैं। बरसात में जलभराव और आवागमन बड़ी परेशानी बन जाता है।

बोले व‍िधाय‍क 
विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए स्वयं के प्रयास से जो कुछ भी हो सकता है, उसमें वह पीछे नहीं रहते। विधायक निधि से सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार काम कराए जा रहे हैं, लेकिन स्थिति यह है कि विपक्ष के विधायक यदि किसी बड़ी परियोजना के लिए प्रस्ताव देते हैं तो उस पर यह सरकार विचार ही नहीं करती है। विधान सभा क्षेत्र में चिकित्सा की व्यवस्था को ठीक करने के लिए कई पत्र लिखे गए, लेकिन भाजपा सरकार अपने मन से ही सबकुछ कर रही है। अगले चुनाव में सपा की सरकार बनने पर फेफना में बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए जाएंगे। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और रोजगार को प्राथमिकता दी जाएगी। जनता भाजपा सरकार की भेदभावपूर्ण नीति को समझ चुकी है। इस सरकार से छात्र नाराज है, किसान नाराज हैं। व्यापार की गति भी धीमी हो गई है। अगले चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएंगी। -संग्राम सिंह यादव, विधायक, फेफना।

बोले रनरअप

फेफना विधान सभा क्षेत्र में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, चितबड़ागांव में टोंस नदी पर पुल सहित कई प्रमुख सड़कों का निर्माण कराया। शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी कई योजनाओं पर काम किया। यहां से समाजवादी पार्टी का विधायक होने के बाद भी विधान सभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सदैव तत्पर रहता हूं। विधान सभा क्षेत्र में जो भी विकास कार्य दिख रहा है, वह भाजपा की देन है। यहां की जनता भी भाजपा की बातों पर ही भरोसा करती है। विधान सभा क्षेत्र की जनता के लिए मै सदैव उपलब्ध रता हूं। -उपेंद्र तिवारी, पूर्व मंत्री।

बोली जनता
-फेफना विधानसभा में जर्जर सड़क और बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि को ध्यान देना चाहिए ताकि लोगों को सहूलियत हो सके। सबसे बड़ी समस्या फेफना तिराहे की है। यहां आए दिन दुर्घटनाएं होते रहती है। इस पर जनप्रतिनिधि को तुरंत ध्यान देना चाहिए। -सत्येन्द्र सिंह, फेफना।

फेफना विधानसभा का अपेक्षित विकास अब तक नहीं हो सका है। गंगा और टोंस जैसी छोटी-बड़ी नदियों के किनारे के गांव आज भी बाढ़ और कटान से प्रभावित हैं। सरकार को इस पर तत्काल काम करना चाहिए। साथ ही बिजली और सड़क पर विशेष फोकस करने की जरूरत है। -सोनू कुमार, नरहीं।

फेफना में अस्पताल और कालेज की दरकारफेफना विधानसभा में कोई अच्छा अस्पताल नहीं है। छोटी-बड़ी घटना होने पर रात को जिला अस्पताल जाने के लिए लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। यहां कोई अच्छा कालेज भी नहीं है। सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। -योगेश, गंगहरा।

-वैना में वर्षों पुराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हटाकर बसंतपुर स्थानांतरित किए जाने से क्षेत्र में लोगों में भारी रोष है। पहले यहां दर्जनों गांवों के मरीज प्रतिदिन इलाज के लिए पहुंचते थे। अब उन्हें उपचार, जन्म प्रमाण पत्र और स्वास्थ्य संबंधी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। -नरेश यादव, दुमदुम।

--------------------

फेफना विधानसभा क्षेत्र
-161011 पुरुष मतदाता।

-128726 महिला मतदाता।

-289738 कुल मतदाता।