बलिया में बेल्थरारोड के चैनपुर गुलौरा में 12 फीट लंबे अजगर का खौफ, कई रातों से बस्ती में दे रहा दस्तक
बलिया के बेल्थरारोड स्थित चैनपुर गुलौरा गांव की मुस्लिम बस्ती में करीब 12 फीट लंबे अजगर की मौजूदगी से ग्रामीणों ...और पढ़ें

बलिया के चैनपुर गुलौरा गांव में 12 फीट लंबे अजगर से ग्रामीणों में दहशत।
HighLights
बेल्थरारोड के चैनपुर गुलौरा में 12 फीट का अजगर।
अजगर कई रातों से बस्ती में घूम रहा, शिकार कर रहा।
ग्रामीणों ने वन विभाग से अजगर पकड़ने की मांग की।
जागरण संवाददाता, बेल्थरारोड (बलिया)। क्षेत्र के चैनपुर गुलौरा गांव की मुस्लिम बस्ती में करीब 12 फीट लंबे अजगर की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों के मुताबिक, अजगर पिछले कई रातों से पानी से भरे गड्ढे से निकलकर बस्ती के आसपास घूमता दिखाई दे रहा है। इससे लोग रात में घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि अजगर शिकार की तलाश में गड्ढे से निकलकर आसपास की झाड़ियों और आबादी के नजदीक पहुंच जाता है। दो दिन पहले कुछ ग्रामीणों ने रात में उसका वीडियो भी बनाया था। इसके बाद से बस्ती में अजगर की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का दावा है कि अजगर अब तक कई मुर्गे-मुर्गियों और बकरियों को अपना शिकार बना चुका है। ऐसे में लोगों को अपने पालतू पशुओं के साथ बच्चों की सुरक्षा की भी चिंता सता रही है। रात में अजगर दिखाई देने की आशंका से ग्रामीण सतर्कता बरत रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से अजगर को जल्द सुरक्षित तरीके से पकड़कर आबादी से दूर उपयुक्त स्थान पर छोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सकता है। वहीं, ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अजगर को पकड़ने या उसके नजदीक जाने का प्रयास न करें और वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से उसे पकड़ सके।
