विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया में सीआरपीएफ जवान अमरेश बहादुर सिंह की हत्या मामले में बेटे के बाद आरोपित पिता ने भी किया आत्मसमर्पण

By Vns Milan K. Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 19 Sep 2026 04:58 PM (IST)

बलिया के उभांव क्षेत्र में पूर्व सीआरपीएफ जवान अमरेश बहादुर सिंह की हत्या के मामले में फरार 25 हजार के ...और पढ़ें

बलिया में पूर्व सीआरपीएफ जवान हत्याकांड: बेटे के बाद पिता गिरीशचंद्र सिंह ने भी किया आत्मसमर्पण।

बलिया में पूर्व सीआरपीएफ जवान हत्याकांड: बेटे के बाद पिता गिरीशचंद्र सिंह ने भी किया आत्मसमर्पण।

HighLights

  1. पूर्व सीआरपीएफ जवान अमरेश बहादुर सिंह की हत्या का मामला।

  2. 25 हजार के इनामी गिरीशचंद्र सिंह ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण।

  3. डेयरी फार्म पर विवाद के बाद हंसिया से हुआ था हमला।

जागरण संवाददाता, बलिया। उभांव क्षेत्र के दोथ गांव में हुए पूर्व सीआरपीएफ जवान अमरेश बहादुर सिंह की हत्या मामले में फरार 25 हजार रुपये के इनामी गिरीशचंद्र सिंह ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से शनिवार को प्रभारी सीजेएम नवनीत कश्यप के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।

न्यायालय ने आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया। गिरीश के पुत्र रामकरन सिंह ने भी करीब पांच दिन पहले ही गत मंगलवार को सीजेएम शैलेष पांडे के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। वह भी 25 हजार रुपये का इनामी था।

मामले में गिरीश की पत्नी शीला सिंह, पुत्री खुशी सिंह और पुत्र सूरज सिंह को घटना की रात ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अब आरोपित पिता-पुत्र के सरेंडर के बाद इस हत्याकांड में नामजद आरोपितों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है।

डेयरी फार्म पर विवाद के बाद हंसिया से किया था हमला
दोथ गांव निवासी रितिका सिंह ने उभांव थाने में तहरीर देकर घटना की जानकारी दी थी। तहरीर के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 की रात करीब 9:20 बजे गांव में घर से लगभग 100 मीटर पीछे स्थित डेयरी फार्म पर उसके पिता अमरेश बहादुर सिंह अकेले मौजूद थे।

आरोप है कि इसी दौरान रामकरन सिंह, गिरीशचंद्र सिंह, सूरज सिंह, खुशी सिंह और शीला सिंह वहां पहुंचे और डेयरी फार्म का गेट खुलवाने की बात कहने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। तहरीर के अनुसार, आरोपित पक्ष की ओर से गाली-गलौज किए जाने पर अमरेश सिंह ने इसका कारण पूछा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसके बाद अमरेश के भाई मंजेश सिंह को मौके पर बुलाया गया। आवाज सुनकर रितिका सिंह और उसकी बहन कृतिका सिंह भी डेयरी फार्म पहुंचीं। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने अमरेश सिंह और मंजेश सिंह के पेट में धारदार हथियार हंसिया से वार कर दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल अमरेश सिंह की मौत हो गई, जबकि मंजेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।