विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में रबी की बोआई के दौरान स्टे वायर में करंट उतरने से किसान की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

By Ravindra Kumar Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 14 Oct 2026 12:16 PM (IST)

बलिया के रामनगर गांव में खेत में काम कर रहे 56 वर्षीय किसान भोला वर्मा की बिजली के पोल के ...और पढ़ें

बलिया में स्टे वायर से करंट लगने से किसान की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

बलिया में स्टे वायर से करंट लगने से किसान की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

HighLights

  1. बलिया में किसान की करंट लगने से हुई मौत।

  2. खेत में काम करते समय स्टे वायर से लगा झटका।

  3. ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश।

जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया)। दोकटी थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में बुधवार सुबह बिजली के पोल के स्टे वायर में उतरे करंट की चपेट में आने से 56 वर्षीय किसान भोला वर्मा की मौत हो गई। खेत में काम करते समय हुए इस हादसे से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई है।

रामनगर निवासी किसान खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इन दिनों रबी की बोआई की तैयारी चल रही है। इसी सिलसिले में बुधवार सुबह वह अपने खेत में घास-फूस की सफाई करने पहुंचे थे। वह खेत में काम कर ही रहे थे कि पास में लगे बिजली के पोल के स्टे वायर में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन उन्हें लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचे। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिवार के मुखिया की असमय मौत से स्वजन गहरे सदमे में हैं।

विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्टे वायर में करंट उतरने से हुई इस घटना ने क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण इलाके में आए दिन विद्युत दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से घटना की जांच कराने, स्टे वायर में करंट उतरने के कारणों का पता लगाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।