नशे में धुत चालक ने नेवी के जवान पर चढ़ाई कार, भाई भी गंभीर
जागरण संवाददाता बैरिया (बलिया) थाना क्षेत्र के बीबीटोला में नशे में धुत अज्ञात वाहन चालक ने
जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया) : थाना क्षेत्र के बीबीटोला में नशे में धुत अज्ञात वाहन चालक ने नेवी के जवान अंजनी कुमार और उसके भाई अंबुज कुमार पर कार चढ़ा दी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। गुरुवार की रात एक होटल में शराब पीने के बाद चालक सफेद आल्टो कार लेकर निकला। रानीगंज की तरफ जाते लगभग 10 बजे ईंट ढो रहे दोनों लोगों पर कार चढ़ा दी। उनके घर पर कुछ निर्माण चल रहा था। ऐसे में दोनों घर के नजदीक रखी ईंटों को वहां पहुंचा रहे थे। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। अंबुज नेवी का जवान है। वह विशाखापटनम से छुट्टी पर घर आया हुआ है। उसका भाई अंजनी बीबीटोला में चाय-नाश्ते की दुकान चलाता है। स्वजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले गए। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्वजन ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।