बलिया में सीएमओ के औचक निरीक्षण में दो पीएचसी पर डॉक्टर गायब, विभागीय कार्रवाई के निर्देश जारी
सीएमओ बलिया ने दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जहां दोनों जगह चिकित्सक अनुपस्थित मिले। उन्होंने नगपुरा पीएचसी ...और पढ़ें

बलिया में सीएमओ ने कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
HighLights
सीएमओ बलिया ने दो पीएचसी का औचक निरीक्षण किया।
नगपुरा और नसीरपुर कला पीएचसी पर डॉक्टर अनुपस्थित मिले।
नगपुरा पीएचसी के डिलीवरी प्वाइंट में गंदगी पर नाराजगी जताई।
जागरण संवाददाता, बलिया। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने निकले सीएमओ डा. अभय नारायण राय ने रविवार को दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। दोनों केंद्रों पर चिकित्सक अनुपस्थित मिले। नगपुरा पीएचसी के डिलीवरी प्वाइंट में गंदगी मिलने पर सीएमओ ने कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
सीएमओ दोपहर करीब एक बजे चिलकहर ब्लाक के नगपुरा पीएचसी पहुंचे। यहां चिकित्सक डा. हेमंत यादव अनुपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान डिलीवरी प्वाइंट की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने को कहा। इसके बाद करीब तीन बजे वह सोहांव ब्लाक के नसीरपुर कला पीएचसी पहुंचे।
यहां भी चिकित्सक डा. रीना पांडेय अनुपस्थित मिलीं। सीएमओ ने चिकित्सक की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। औचक निरीक्षण से दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के कर्मचारियों में खलबली मची रही। सीएमओ ने चिकित्सकों की समय से उपस्थिति, स्वच्छता और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
