पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
जागरण संवाददाता रसड़ा (बलिया) फेफना थाना क्षेत्र के गौरा गांव में अकोल्हा बाबा मंदिर के
जागरण संवाददाता, रसड़ा (बलिया) : फेफना थाना क्षेत्र के गौरा गांव में अकोल्हा बाबा मंदिर के समीप शनिवार को लुंगी के सहारे पेड़ से लटकता युवक का शव मिला, इससे सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर अंडरवियर के सिवाय कुछ नहीं था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। एसपी विपिन टाडा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से जानकारी ली और मातहतों को निर्देश दिए। फेफना व रसड़ा थाने की पुलिस ने परिजनों व गांव वालों से पूछताछ की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
32 वर्षीय रमेश राजभर पुत्र हरिश्चंद्र नगरा थाना क्षेत्र के चंद्रवार को रहने वाला था। वह एक दिन पूर्व पत्नी संजीता के साथ मुंबई से आया था। अपने घर जाने के बजाय वह मौसा घुनन राजभर निवासी बस्तौरा के यहां आया हुआ था। शनिवार की सुबह उसका शव बस्तौरा से लगभग दो किलोमीटर दूर गौरा गांव में पेड़ से लटकता मिला। यह खबर मिलते ही पत्नी व उसके रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।