ऐतिहासिक ददरी मेले में दिख रही लघु भारत की तस्वीर, मेलार्थियों की भीड़ से दुकानदारों के खिले चेहरे
ऐतिहासिक ददरी मेले में लघु भारत का दृश्य देखने को मिल रहा है। मेले में उमड़ी भीड़ से दुकानदारों के चेहरे खुशी से चमक उठे हैं। यह मेला सांस्कृतिक विविध ...और पढ़ें

ऐतिहासिक ददरी मेले में दिख रही लघु भारत की तस्वीर।
जागरण संवाददाता, बलिया। ददरी मेला अपने आप में अनोखा और अलबेला है। मेले में देसी सामान से लेकर सौंदर्य प्रसाधन, खिलौने और घरेलू सामानों की लोग खूब खरीदारी कर रहे हैं। शहर से सटे लगभग तीन किलोमीटर के दायरे में 89 एकड़ जमीन पर लगे ददरी मेले में लघु भारत की तस्वीर दिख रही है। यह मेला नगरपालिका को भी अच्छी आय देता है।
पिछले वर्ष मेले से लगभग 56 लाख रुपये आय होेने की पुष्टि जिला प्रशासन की ओर से की गई है। इस वर्ष उससे भी अधिक आय होने का अनुमान है। इसलिए कि इस बार मेले में केवल झूला का टेंडर ही 1.30 करोड़ रुपये में हुआ है। पार्किंग स्टैंड का टेंडर 26 लाख रुपये में हुआ है। मेले में देसी सामान कुदाल, हसुआ, खुरपा, बेल्चा, रम्मा, टांगी व पशुओं को बांधने वाला रस्सी, जाड़े के लिए देसी कंबल सबकुछ मिल रहा है। बहुत से लोग अपने बच्चों को भी मेले में घुमाने लाए थे। बच्चे काफी खुश नजर आ रहे थे।
मेले में कई स्थानों के दुकानदार पधारे हैं। कानपुर से खजला वाले आए हैं। सहारनपुर के व्यवसायी काष्ठ कला की दुकान सजाए हैं। बिहार के दुकानदार कंबल व ऊनी वस्त्र की दुकान किए हैं। मेले में कई जनपदों से आए दुकानदारों की लगभग 750 दुकानें सजीं हैं। हरेक माल पांच रुपये, 10 रुपये, 20 रुपये, 40 रुपये और 100 रुपये की दुकानों पर भी भीड़ कम नहीं हो रही। यहां कई तरह के सामान हैं, लेकिन उनकी कीमत एक है। दिन के 12.30 बजे हैं। ददरी मेले में दूर-दराज के लोग भी विभिन्न प्रकार के वाहनों से पहुंचने लगे हैं।
शादी वाले घरों के लोग अपनी लिस्ट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। ऐसा नहीं कि उनके इलाके में ये सामान नहीं मिलेंगे, लेकिन मेले से सामान खरीदने के पीछे उनका तर्क है कि यहां सामान कुछ सस्ता है। रसड़ा से मेले में अपने मित्रों के साथ पहुंचे पवन वर्मा ने बताया कि मेले में बिकने वाले कुछ देसी सामान ऐसे होते हैं, जो गांव की तरफ अब नहीं मिल पा रहे।
मेले में चरखी, सर्कस, ड्रेगन झूला, ब्रेक डांस झूला आदि बच्चों की पहली पसंद बनी हुई है। मिठाई की दुकानों पर गुड़ की जलेबी का स्वाद लोग जरूर ले रहे हैं। सौंदर्य प्रसाधन की दुकान किए श्याम गुप्ता, टिंकू गुप्ता ने बताया कि मेले में दुकान अच्छी चल रही है। अच्छा मुनाफा हाेने की उम्मीद है। अन्य दुकानदार भी बिक्री को लेकर खुश थे।
भारतेंदु मंच पर बलिया नाइट में प्रस्तुति देंगे 30 कलाकार
ददरी मेले के भारतेंदु मंच पर बलिया नाइट कार्यक्रम का आयोजन बुधवार तीन दिसंबर को होना है। इसमें प्रस्तुति देने के लिए 30 कलाकारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। सीआरओ त्रिभुवन ने बताया कि कार्यक्रम में गायन, नृत्य, वादन, नाटक व हास्य कलाकारों के कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें जिले के ही कलाकार भाग लेंगे। वैष्णवी राय, मंजीत पांडेय, मनोज कुमार सिंह, कमलेश यादव, सुनील कुमार वर्मा, प्रिया वर्मा, सखीचन्द राजभर, सुधांशु पांडेय सहित कई कलाकार प्रतिभाग करेंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।