मुंडन संस्कार के लिए गंगा तटों पर उमड़े लोग
जासं मझौवां (बलिया) मुंडन संस्कार के चलते शुक्रवार को क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों पर लोगों की भीड़
जागरण संवाददाता,बलिया: मुंडन संस्कार को लेकर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र के गंगा तटों पर शुक्रवार की सुबह काफी भीड़ रही। सुबह से ही महिलाएं मंगल गीत गाती हुईं वाहनों से घाटों की तरफ निकली और उधर से दोपहर बाद लोग वापस लौटे। मंडन संस्कर के लिए लोग डीजे व बैंड बाजा के साथ महावीर घाट होते हुए पहुंचे। इसके बाद वहां पर महिलाएं गंगा पूजन कर मुंडन संस्कार की रस्मअदायगी की। नाव से गंगा का ओहार भी किया गया। इसको लेकर शहर क्षेत्र में काफी भीड़ रही। कई चौराहों पर जाम को लेकर पुलिस हांफती नजर आई।
मझौवां : मुंडन संस्कार के चलते क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों पर लोगों की भीड़ उमड़ जाने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं काफी समय तक एनएच 31 पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई और एनएच पर वाहनों की कतार लग गई। फलस्वरूप बलिया से बैरिया आवागमन करने वाले लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहे। हल्दी पुलिस की काफी मशक्कत के बाद जाम से मुक्ति मिल सकी।
क्षेत्र के हल्दी, हांस नगर, पंचरुखिया, हु़कुम छपरा गंगा घाटों पर मुंडन संस्कार की भीड़ सुबह से ही लगनी शुरू हो गई। यह सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा। रामगढ़ से मझौवां तक इस भीड़ के कारण लघु मेलों जैसा ²श्य उत्पन्न हो गया था। एनएच पर वाहन जहां-तहां रुके रहे। हल्दी पुलिस के सहयोग से जाम से मुक्ति मिल सकी, तब जाकर लोग अपने गंतव्य तक पहुंच सके।