शीतलहर ने बढ़ाई गलन, महिला की मौत
जागरण संवाददाता, बलिया : मौसम का मिजाज फिर ठंडा हो चला है। सोमवार को पुन: शीतलहर का असर देखने को मिल
जागरण संवाददाता, बलिया : मौसम का मिजाज फिर ठंडा हो चला है। सोमवार को पुन: शीतलहर का असर देखने को मिला। पूरे दिन सूर्य व बादलों में लुकाछिपी का दौर चलता रहा। वहीं पछुआ हवा की वजह से जनजीवन बेहाल रहा। बादलों से आच्छादित आसमान और 5-6 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल रही पछुआ हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी है।
सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 19 डिग्री व न्यूनतम पारा 7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। इससे सूरज के तेवर भी ठंडे नजर आए। दिन भर लोग धूप का इंतजार करते रहे। इससे लोगों को सर्द हवाओं का सामना करना पड़ा। बादलों की मौजूदगी में पछुआ हवा ने गलन बढ़ा दी। सर्द हवाओं से हर कोई परेशान रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे आसमान में हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है। एक बार फिर उत्तरी राज्यों से आ रही बर्फीली हवा ने ठंड में इजाफा कर दिया है। रविवार शाम से लगातार चल रही पछुआ हवा से ठंड और बढ़ने की संभावना है। इससे न्यूनमत तापमान में फिलहाल उछाल की संभावना भी ना के बराबर है। महिला की मौत
जासं, लखनापार: सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के लखनापार गांव में ठंड लगने से सोमवार की सुबह मीना देवी (40) की मौत हो गई। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। मीना देवी पत्नी श्याम नारायण यादव सुबह शौच के लिए घर से बाहर खेतों की तरफ गई हुई थीं। उधर से वापस लौटते समय ठंड लग गई और घर आकर अचेत होकर गिर पड़ी। परिवार के सदस्य उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।