29 अगस्त को बलिया आएंगे CM योगी आदित्यनाथ, बाढ़ पीड़ितों को बांटंगे राहत सामग्री
सीएम योगी आदित्यनाथ 29 अगस्त को बलिया के बांसडीह विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे। वे पकंहा गांव में जनसभा को संबोधित करेंगे, बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटेंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ
HighLights
सीएम योगी 29 अगस्त को बलिया के बांसडीह आएंगे।
पकंहा गांव में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री।
बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटेंगे, नई परियोजनाएं संभव।
जागरण संवाददाता, बलिया। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र इस समय प्रशासनिक हलचल और राजनीतिक सरगर्मियों का केंद्र बना हुआ है। आगामी 29 अगस्त को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहतवार क्षेत्र स्थित पकंहा गांव (गलाफरपुर मौजा) में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
सीएम के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है और पकंहा में तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय विधायक केतकी सिंह के प्रतिनिधि विश्राम सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग, राजस्व और विकास विभाग के अफसरों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। कार्यक्रम में 1 लाख से अधिक लोगों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए जर्मन हैंगर टेंट का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
जेसीबी मशीनों की मदद से भूमि समतलीकरण का काम जारी है। पीडब्ल्यूडी को 28 अगस्त तक हर हाल में हेलीपैड तैयार करने का निर्देश दिया गया है। एएसपी और सीओ स्तर के अधिकारी रूट डायवर्जन और पार्किंग का फुलप्रूफ रोडमैप तैयार कर रहे हैं ताकि यातायात बाधित न हो।
बांसडीह को मिल सकती हैं नई विकास परियोजनाएं
क्षेत्रीय लोगों और राजनीतिक हलकों में इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री अपने इस दौरे के दौरान बांसडीह क्षेत्र को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं।
इसके साथ ही, हाल ही में बाढ़ का प्रकोप झेल चुके प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर सीएम खुद राहत सामग्री का वितरण करेंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में पूरा क्षेत्र इस समय, वीआईपी मूवमेंट के लिए सज धज कर तैयार हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पुष्कर मिश्रा, सीओ जयशंकर मिश्र, तहसीलदार नितिन सिंह, पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- बलिया में सजा राखी का बाजार, एक से 90 रुपये तक की राखियां लुभा रहीं
