बलिया में आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति के नाम पर रिश्वत, 10 हजार रुपये लेते जूनियर असिस्टेंट गिरफ्तार
बलिया में आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति और वेतन दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में बाल विकास परियोजना ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कनिष्ठ सहायक नंद कुमार भारती रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार।
आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति और वेतन के लिए मांगी रिश्वत।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने 10 हजार रुपये के साथ पकड़ा।
जागरण संवाददाता, बलिया। आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर नियुक्ति कराने और वेतन दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की आजमगढ़ इकाई ने बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, हनुमानगंज के कनिष्ठ सहायक नंद कुमार भारती को गिरफ्तार किया है।
टीम ने गुरुवार को ट्रैप की कार्रवाई करते हुए आरोपित को 10 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा। कार्रवाई के बाद आरोपित के विरुद्ध विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार, बांसडीहरोड क्षेत्र के टकरसन गांव निवासी सर्वजीत ने शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसकी भाभी की आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर नियुक्ति कराने तथा नियुक्ति के बाद वेतन दिलाने के एवज में अवैध धनराशि की मांग की जा रही है।
शिकायत प्राप्त होने के बाद संगठन ने मामले की जांच की और ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। निरीक्षक संतोष कुमार दीक्षित के नेतृत्व में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय के पास कार्रवाई की। टीम ने नंद कुमार भारती को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
वह बलिया के फेफना क्षेत्र के मिड्ढा का रहने वाला है। कार्रवाई के बाद संगठन की ओर से नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई प्रदेश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
