बलिया में प्रेमी से शादी की जिद में किशोरी 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी, पांच घंटे बाद उतरी
बलिया के रेवती में एक 13 वर्षीय किशोरी प्रेमी से शादी की जिद में 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ ...और पढ़ें

HighLights
किशोरी प्रेमी से शादी की जिद में टावर पर चढ़ी।
पुलिस ने प्रेमी से बात कराकर किशोरी को नीचे उतारा।
प्रेमी युवक पहले भी 15 दिन जेल में रह चुका था।
जागरण संवाददाता, बलिया। प्रेमी से शादी कराने की जिद में 13 वर्षीय किशोरी बुधवार सुबह करीब पांच बजे थाने से महज 50 मीटर दूर स्थित बीएसएनएल के करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई।
किशोरी के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही कस्बे और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। करीब पांच घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस द्वारा प्रेमी युवक से बात कराए जाने पर किशोरी नीचे उतरी।
नगर के दिमागी चट्टी के पास एक वार्ड निवासी किशोरी टावर से उतरने को तैयार नहीं थी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने मोबाइल के जरिए उससे बात कर कई बार नीचे आने के लिए समझाया, लेकिन वह अपने 18 वर्षीय प्रेमी को मौके पर बुलाकर उससे बात कराने की मांग पर अड़ी रही।
इसी दौरान सुबह साढ़े आठ से साढ़े नौ बजे तक तेज बारिश होने लगी। बारिश के कारण बचाव एवं समझाने की कोशिशें प्रभावित हुईं। किशोरी बारिश में भीगते हुए टावर पर बैठी रही और उसका मोबाइल भी बंद हो गया।
करीब 10 बजे मौसम सामान्य होने पर थानाध्यक्ष ने बांसडीह के नायब तहसीलदार भोला शंकर राय की मौजूदगी में पास के एक मकान की छत से लाउडस्पीकर के जरिए किशोरी की प्रेमी युवक से बात कराई। इसके बाद किशोरी धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आई।
पुलिस द्वारा किशोरी को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), बलिया के समक्ष प्रस्तुत करने तथा चाइल्ड हेल्प सेंटर को सिपुर्द करने की विधिक कार्रवाई की जा रही है। बताया गया कि किशोरी और युवक के घर आमने-सामने हैं।
युवक के पिता के अनुसार, करीब डेढ़ माह पहले 22 जून की रात किशोरी कथित तौर पर उनके घर में घुस गई थी और युवक के साथ रहने की जिद करने लगी थी। परिवार ने उसके स्वजन को सूचना देकर किशोरी को उनके हवाले कर दिया था। इसके बाद किशोरी के स्वजन की शिकायत पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।
युवक करीब 15 दिन जेल में रहा और जमानत के बाद घर के काम में हाथ बंटा रहा था। युवक के पिता ने बताया कि 25 अगस्त को युवक अपनी मां के साथ रामगढ़ में मामा के बच्चे के जन्मदिन समारोह में गया था। बुधवार को किशोरी के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलने पर वह युवक को लेकर तत्काल थाने पहुंचे, ताकि उससे बात कराकर किशोरी को नीचे उतरवाया जा सके।
टावर पर चढ़ने की 10 घटनाएं इस वर्ष अब तक घट चुकी
- 12 अगस्त को छितौनी गांव में बूचन प्रजापति शराब के नशे में अपनी पत्नी को मायके से वापस बुलाने की जिद में जियो टावर पर चढ़ गया था।
- 22 जुलाई को शादी टूटने और लव मैरिज से इन्कार के बाद भीमपुरा में एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी।
- 21 जुलाई को सिकंदरपुर क्षेत्र की एक युवती प्रेमी को बुलाने की जिद में पांच घंटे तक टावर पर बैठी रही।
- 19 जुलाई को फरसाटार गांव में एक 23 वर्षीय विवाहित महिला अपने लिव-इन पार्टनर को बुलाने के लिए करीब साढ़े सात घंटे तक टावर पर जमी रही।
- 23 जून को धनजी वर्मा भी टावर पर चढ़ा था। यह दो माह बाद फिर से चढ़ गया।
- वहीं 14 जून को बेल्थरारोड में प्रेमी को बुलाने की जिद में एक किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी।
- 10 जून को सिकंदरपुर के लीलकर गांव में एक महिला देवरिया के अपने प्रेमी से मिलने की जिद पर 120 फुट ऊंचे टावर पर करीब 26 से 27 घंटे तक बैठी रही।
- 19 अप्रैल को बांसडीह क्षेत्र के देवड़ीह गांव में 17 वर्षीय किशोर एक लड़की से बात कराने की जिद में 33,000 वोल्ट के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया था।
- सात अप्रैल को सुखपुरा में प्रेमी द्वारा शादी से मुकरने पर प्रेमिका मोबाइल टावर पर चढ़कर न्याय मांगने लगी थी।
- 23 अगस्त को ही धन जी वर्मा दूसरी बार टावर पर चढ़ गया था।
