यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ballia Election Result 2022: सिकंदरपुर विधानसभा सीट से सपा के जियाउद्दीन रिजवी जीते, भाजपा विधायक हारे
सिकंदरपुर सीट से भाजपा के सीटिंग विधायक को हराकर सपा के पूर्व मंत्री जियाउद्दीन रिजवी ने जीत दर्ज की है। ...और पढ़ें

बलिया, जागरण संवाददाता। सिकंदरपुर सीट से भाजपा के सीटिंग विधायक को हराकर सपा के पूर्व मंत्री जियाउद्दीन रिजवी ने जीत दर्ज की है। रिजवी 2012 में भी इस सीट से चुनाव जीते थे। 2017 के चुनाव में भी वह सपा से प्रत्याशी थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में उन्होंने अपना दम दिखाया और मैदान फतह कर लिया। वोटों की गिनती में वह शुरू से ही आगे रहे। कुल 21 राउंड में मतगणना पूरी हुई। यहां से सपा प्रत्याशी रिजवी को 62823 मत मिले, जबकि संजय को 52675 वोट प्राप्त हुए। इस तरह 10,148 वोटों से पूर्व मंत्री ने जीत हासिल कर ली।
समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीते पूर्व मंत्री जियाउद्दीन रिजवी सिकंदरपुर विधानसभा से तीसरी बार विधायक चुने गए हैं। तहसील क्षेत्र के सिवानकला निवासी 58 वर्षीय रिजवी रिजवी सपा के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। 1995 में सपा के जिलाध्यक्ष बने। 1996 में चुनाव लड़े लेकिन हार का मुंह देखना पड़ा। 2002 में समता पार्टी के राजधारी सिंह को मात देकर पहली बार विधानसभा पहुंचे। वर्ष 2007 में बसपा के भगवान पाठक से चुनाव हारने के बाद पुनः 2012 में विधायक चुने गए। 2015 में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भी बने। वर्ष 2017 में भाजपा के संजय यादव से चुनाव हार गए। उनका कहना है कि क्षेत्र की पहचान बरकरार रखने का प्रयास होगा। विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
