विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया में मुकदमा दर्ज होने से नाराज चाचा-भतीजा टावर पर चढ़े, इस वर्ष 16 लोग चढ़े टावर और पानी टंकी पर

By Vns Milan K. Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 13 Sep 2026 12:24 PM (IST)

नगरा, बलिया के ईनामीपुर गांव में चाचा-भतीजा मोबाइल टावर पर चढ़ गए, पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे और जमीन विवाद में ...और पढ़ें

HighLights

  1. चाचा-भतीजा नगरा के ईनामीपुर गांव में टावर पर चढ़े।

  2. पुलिस मुकदमे और जमीन विवाद में सुनवाई न होने से नाराजगी।

  3. फर्जी शिक्षकों पर कार्रवाई न होने का भी आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, नगरा (बलिया)। नगरा क्षेत्र के ईनामीपुर गांव में रविवार को प्रशासनिक व्यवस्था से नाराज भीमपुरा नंबर-दो निवासी चाचा-भतीजा मोबाइल टावर पर चढ़ गए। 30 वर्षीय पंकज यादव और उनके 42 वर्षीय चाचा बाबूराम यादव के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दोनों को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम प्रयास करती रही। इस वर्ष 16 लोग टावर व टंकी पर चढ़ चुके हैं।

टावर पर चढ़े पंकज यादव ने बताया कि नगरा थाने में 11 तारीख को दर्ज मुकदमे से वह और उनके चाचा नाराज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामूली विवाद के मामले में नगरा थाने के उपनिरीक्षक दिनेश यादव तथा सिपाही विपिन और धर्मराज ने विपक्षियों से रुपये लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनका कहना है कि मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए था। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

चाचा-भतीजे ने जमीन संबंधी विवाद को लेकर भी अधिकारियों पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि फर्जी अभिलेखों के आधार पर अध्यापकों के संबंध में पिछले करीब तीन वर्षों से शिकायत की जा रही है, लेकिन बीएसए और जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। दोनों ने माधुरी और देवेंद्र यादव पर फर्जी अध्यापक होने का आरोप लगाया। साथ ही पारस यादव को भी फर्जी अध्यापक बताते हुए कहा कि वह अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

दोनों का कहना था कि जब तक जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और बीएसए मौके पर नहीं पहुंचेंगे, वे टावर से नीचे नहीं उतरेंगे। सूचना पर नगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले का संज्ञान लिया गया है और दोनों को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है।