बलिया में दिव्यांग छात्रा रागिनी से मिले अखिलेश यादव, दो लाख का चेक देने के साथ इलाज और पढ़ाई का खर्च उठाने की घोषणा
अखिलेश यादव ने बलिया की दिव्यांग छात्रा रागिनी से मुलाकात कर 2 लाख रुपये का चेक दिया और उसके इलाज ...और पढ़ें

बलिया की दिव्यांग छात्रा रागिनी को अखिलेश यादव ने दी आर्थिक मदद और इलाज का भरोसा।
HighLights
अखिलेश यादव ने दिव्यांग छात्रा रागिनी को 2 लाख रुपये का चेक दिया।
केजीएमयू लखनऊ में रागिनी के बेहतर इलाज का आश्वासन मिला।
सपा कार्यकर्ताओं ने रागिनी को 50 हजार रुपये की नकद सहायता दी।
जागरण संवाददाता, बांसडीह (बलिया)। इंटरनेट मीडिया पर कूद-कूदकर स्कूल जाने का वीडियो प्रसारित होने के बाद चर्चा में आई बलिया के मनियर क्षेत्र के दिघेड़ा गांव की दिव्यांग छात्रा रागिनी ने शनिवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की।
बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू रागिनी को उसके माता-पिता देवेंद्र राजभर और बबिता राजभर के साथ सड़क मार्ग से लखनऊ लेकर पहुंचे। मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने रागिनी को दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया। वहीं, सपा कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं ने अपनी ओर से 50 हजार रुपये की नकद सहायता भी दी।
अखिलेश यादव ने रागिनी के बेहतर इलाज की जिम्मेदारी लखनऊ स्थित किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में लेने का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान केजीएमयू के एक चिकित्सक ने मौके पर रागिनी के स्वास्थ्य की जांच भी की। इसके साथ बचपन में हुए एक हादसे के कारण रागिनी के दोनों पैर खराब हो गए थे।
इससे पहले जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह समेत कई सामाजिक संगठनों ने रागिनी के घर पहुंचकर सहायता की थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए स्थानीय विधायक केतकी सिंह के साथ रागिनी से मुलाकात की थी।
सीबीएसई स्कूल में कराया गया दाखिला
सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू के प्रयास से रागिनी का दाखिला नारायनपुर स्थित सीबीएसई बोर्ड के बीएन इंटरनेशनल स्कूल में कराया जा चुका है। स्कूल प्रशासन की ओर से उसे मुफ्त कॉपी-किताब, ड्रेस और बस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। इस दौरान सपा कार्यालय में रामदेव यादव, राजेश यादव, देवेंद्र राजभर और बबिता राजभर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
