बलिया में पट्टीदारों ने बिजली का तार जोड़ने के लिए बुलाया और युवक की पीटकर कर दी हत्या, चार हिरासत में
बलिया के नगरा में पुराने जमीन विवाद को लेकर एक युवक सोनू यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ...और पढ़ें

बलिया में जमीन विवाद में युवक की पीटकर हत्या, चार आरोपी हिरासत में।
HighLights
पुराने जमीन विवाद में बलिया के नगरा में युवक की हत्या।
बिजली तार जोड़ने के बहाने बुलाकर सोनू यादव को पीट-पीटकर मारा।
पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया, परिजनों ने जाम हटाया।
जागरण संवाददाता, नगरा (बलिया)। क्षेत्र के सेमरी मौजा के कालीचौरा डेरा पर रविवार दोपहर पुराने जमीन विवाद को लेकर हुई एक युवक की पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित स्वजन ने नगरा-गड़वार मार्ग पर काली माता मंदिर के समीप जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया। बाद में सीओ रसड़ा रजनीश कुमार के पहुंचे और चार लोगों को हिरासत में लेने की बात बताई, इसके बाद स्वजन माने।
कालीचौरा डेरा पर निरंजन यादव और रामकेवल यादव के परिवार के बीच काफी समय से भूमि संबंधी विवाद चल रहा है। दोनों पट्टीदार हैं और इनके घर के बीच में करीब 12 कट्ठा भूमि है जिसको लेकर पहले भी झगड़ा हो चुका है। रविवार दोपहर रामकेवल यादव के पुत्र सोनू यादव को बिजली के खंभे से लाइन जोड़ने के लिए पट्टीदारों की ओर से बुलाया गया था। आरोप है कि इसी दौरान निरंजन पक्ष के लोगों ने उसे पकड़ कर लाठी-डंडे से बुरी तरह पिटाई कर दी। पेट व सिर में गंभीर चोट लगने से सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्वजन उसे तत्काल नगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही स्वजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शाम करीब चार बजे नगरा-गड़वार मार्ग पर जाम लगा दिया गया।
थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे। पुलिस की ओर से कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद लोग तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। जाम की सूचना पर सीओ रसड़ा रजनीश कुमार मौके पर पहुंचे।
उन्होंने थानाध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और स्वजन को बताया कि मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद पुलिस की काफी मशक्कत से जाम समाप्त कराया गया। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। सोनू की मौत की सूचना पर उसकी मां और बहनें भी मौके पर पहुंच गईं।
आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर रोती-बिलखती रहीं। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद महिलाएं सड़क से हटीं। इस दौरान पूर्व प्रधान दीपक सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सोनू के पिता रामकेवल दूध का कारोबार करते हैं। तीन बहनें हैं जिनकी शादी हो चुकी है।
