बलिया में आलू बेचकर लौट रहे ट्रैक्टर सवार युवक को गोली मारी, दो बाइक से पहुंचे थे पांच आरोपित, बाईं जांघ में लगी गोली
बलिया के बैरिया में मांझी चेकपोस्ट के पास आलू बेचकर लौट रहे ट्रैक्टर सवार बबलू कुमार गुप्ता को गोली मार ...और पढ़ें

बलिया में आलू बेचकर लौट रहे युवक को मारी गोली, पुरानी रंजिश में पांच पर केस दर्ज।
HighLights
बलिया के बैरिया में आलू विक्रेता को गोली मारी गई।
मांझी चेकपोस्ट के पास ट्रैक्टर रोककर हमला किया गया।
चालक से पुरानी रंजिश के चलते पांच पर मुकदमा।
जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया)। जयप्रभा सेतु के मांझी चेकपोस्ट के पास शुक्रवार की रात बिहार से आलू बेचकर लौट रहे ट्रैक्टर को रोककर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। गोली ट्रैक्टर पर बैठे बैरिया कस्बे के लीला छपरा वार्ड नंबर चार निवासी बबलू कुमार गुप्ता की बाईं जांघ में लगी।
घायल को सीएचसी सोनबरसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। घायल के भाई सुशील कुमार गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर के अनुसार बबलू ट्रैक्टर पर आलू लादकर बिहार के एकमा में बेचने गया था। शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे चालक रितेश यादव के साथ बैरिया लौट रहा था। आरोप है कि मांझी चेकपोस्ट के पास दो बाइक सवार पांच लोगों ने ओवरटेक कर ट्रैक्टर रोक लिया। इसके बाद चालक के साथ गाली-गलौज की गई।
तहरीर में चालक रितेश से पुरानी रंजिश का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि जयराम यादव ने पूर्व में उसे जान से मारने की धमकी दी थी। मौके पर जयराम ने रितेश की पहचान कराई, जिसके बाद रमाशंकर यादव और अरुण यादव ने कथित रूप से गोली चला दी। गोली रितेश के बजाय बबलू की जांघ में लगी।
पुलिस ने चांददियर निवासी जयराम यादव, अरुण यादव, संदीप यादव, रमाशंकर यादव और दयाशंकर यादव उर्फ टुन्नू को नामजद किया है। क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
