विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया भाजपा जिलाध्यक्ष पर लगे आरोपों की जांच करने पहुंची दो सदस्यीय टीम, पीड़िता अपने बयान पर अड़ी रही

By Vns Milan K. Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 06 Oct 2026 05:46 PM (IST)

बलिया भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र पर लगे दुष्कर्म व शोषण के आरोपों की जांच के लिए प्रदेश नेतृत्व की दो ...और पढ़ें

HighLights

  1. भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र पर लगे आरोपों की जांच शुरू।

  2. दो सदस्यीय टीम ने पीड़िता का बयान दर्ज किया, वह कायम रही।

  3. जांच टीम अब प्रदेश नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

जागरण संवाददाता, बलिया। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र पर एक महिला पदाधिकारी की ओर से लगाए गए दुष्कर्म व शोषण के आरोपों की जांच के लिए प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर गठित दो सदस्यीय टीम बलिया पहुंची। टीम में संगीता अग्रहरि और अमिता गुप्ता शामिल रहीं। दोनों ने प्रकरण से जुड़े संगठन पदाधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों से अलग-अलग बातचीत कर घटनाक्रम की जानकारी ली।

जांच टीम ने संबंधित पक्षों से बातचीत के बाद पीड़िता के घर पहुंचकर उसका बयान दर्ज किया। इस दौरान टीम ने महिला से मामले से जुड़े तथ्यों और उसके पास उपलब्ध साक्ष्यों की जानकारी भी ली। संगठन पदाधिकारियों के अनुसार, पीड़िता जांच टीम के समक्ष अपने पूर्व में दिए गए बयानों पर कायम रही और उसने मामले से जुड़े तथ्यों को टीम के सामने रखा।

बताया गया कि महिला नेत्री ने भाजपा जिलाध्यक्ष समेत संगठन से जुड़े कुछ पदाधिकारियों पर दुष्कर्म और आरोपितों को संरक्षण देने के आरोप लगाए हैं। प्रदेश नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले जिलाध्यक्ष से भी घटनाक्रम के संबंध में जानकारी ली थी। इसके बाद तथ्यों की पड़ताल के लिए दो क्षेत्रीय महिला पदाधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।

अलग-अलग लोगों से ली जानकारी
जांच के दौरान टीम ने संगठन पदाधिकारियों और आरोपों से जुड़े अन्य लोगों से अलग-अलग बातचीत की। संबंधित लोगों से घटनाक्रम के बारे में जानकारी लेने के साथ ही उनका पक्ष भी जाना गया। टीम ने प्रकरण से जुड़े उपलब्ध तथ्यों और बयानों को जांच के दायरे में शामिल किया।

बातचीत और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद जांच टीम वापस लौट गई। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों, संबंधित लोगों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर टीम अपनी रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगी।

जांच रिपोर्ट पर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं
फिलहाल भाजपा की ओर से जांच रिपोर्ट या उसके निष्कर्ष को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। प्रदेश नेतृत्व की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि जांच टीम बलिया आई थी, लेकिन अभी उनसे संपर्क नहीं किया गया है। अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को उन्होंने बेबुनियाद बताया है। मामले में दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल सामने नहीं आई है।

यह है पूरा मामला
भाजपा कार्यसमिति की महिला सदस्य ने वीडियो जारी कर पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय मिश्र पर भी दुष्कर्म, शोषण और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के आरोप लगाया था। महिला का आरोप है कि पहले उसका निजी वीडियो बनाया गया और उसे दिखाकर ब्लैकमेल करते हुए शोषण व दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।

महिला का आरोप है कि उसकी तहरीर पर बीते 15 सितंबर को भाजपा जिला महामंत्री आलोक सिंह मोनू, गणेश गुप्त और अजीत मिश्र चंदन के खिलाफ बांसडीह कोतवाली में निजी वीडियो से प्रसारित करने के आरोप में हल्की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई, जबकि दुष्कर्म की धाराएं नहीं जोड़ी गईं। उसने शुक्रवार को शपथ पत्र के जरिए जिलाध्यक्ष को भी शामिल करते हुए दुष्कर्म के मामले दर्ज करने की गुहार लगाई थी।

महिला के अनुसार, मुकदमा दर्ज कराने के लिए वह एक सिंतबर से ही चक्कर लगा रही थी। 15 दिनों तक बांसडीह कोतवाली का चक्कर लगाने के बाद प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। उसका आरोप है कि जिलाध्यक्ष ने अपने प्रभाव के चलते मुकदमा दर्ज नहीं होने दिया।

उच्च अधिकारियों से शिकायत के बाद गत 15 सितंबर को तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन जिलाध्यक्ष का नाम निकाल दिया गया। महिला ने आरोप लगाया कि संजय मिश्र ने अन्य महिलाओं का भी शोषण किया है, लेकिन वे सामने नहीं आ रही हैं।

उसने जिलाध्यक्ष पर पार्टी कार्यालय को शोषण का अड्डा बना देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके निर्देश पर आलोक सिंह मोनू अधिकारियों से वसूली करते हैं। महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संजय मिश्र समेत अन्य के खिलाफ कार्रवाई और अन्य महिलाओं को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

वहीं जिलाध्यक्ष संजय मिश्र ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मामले की जानकारी शीर्ष नेताओं को दी गई है और जल्द जांच कमेटी आएगी। महिला ने किसके कहने पर आरोप लगाए और चरित्र पर उंगली उठाई, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।