विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में हुआ चमत्‍कार, जयप्रभा सेतु से 50 फीट नीचे फेंकी नवजात बच्ची ज‍िंदा म‍िली

By Vns Milan K. Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 27 Oct 2026 07:57 PM (IST)

बलिया में जयप्रभा सेतु से 50 फीट नीचे फेंकी गई एक नवजात बच्ची सरयू नदी की रेत पर जीवित मिली। ...और पढ़ें

बलिया में जयप्रभा सेतु से फेंकी गई नवजात बच्ची रेत पर मिली जीवित।

बलिया में जयप्रभा सेतु से फेंकी गई नवजात बच्ची रेत पर मिली जीवित।

HighLights

  1. जयप्रभा सेतु से फेंकी गई नवजात बच्ची जीवित मिली।

  2. 50 फीट नीचे रेत पर गिरने से गंभीर चोट नहीं आई।

  3. विकास और पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया)। कहावत है कि ‘जाको राखे साइयां, मार सके ना कोय।’ मंगलवार की सुबह यूपी-बिहार सीमा पर स्थित जयप्रभा सेतु पर कुछ ऐसा ही देखने को मिला।

सेतु के पाया नंबर-10 से करीब 50 फीट नीचे सरयू नदी की रेत पर एक नवजात बच्ची पड़ी मिली। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने बच्ची को सेतु से नीचे फेंक दिया था। गनीमत रही कि रेत पर गिरने के कारण उसे गंभीर चोट नहीं आई और उसकी जान बच गई।

मंगलवार सुबह मांझी निवासी विकास जयप्रभा सेतु से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें नीचे से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह नीचे पहुंचे तो रेत पर एक नवजात बच्ची पड़ी मिली। उन्होंने तत्काल मांझी पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद पुलिस की मदद से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मांझी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, बच्ची की उम्र करीब दो से तीन दिन प्रतीत हो रही है। लगभग 50 फीट की ऊंचाई से गिरने के बावजूद रेत पर पड़े होने के कारण उसे गंभीर चोट नहीं आई।

फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में चर्चा शुरू हो गई। नवजात को इस तरह बेसहारा छोड़ने की घटना से लोग दुखी हैं। वहीं, बच्ची की जान बचाने में तत्परता दिखाने वाले विकास और पुलिस की सराहना की जा रही है।

पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। बच्ची को सेतु से नीचे किसने और किन परिस्थितियों में फेंका, इसका पता लगाया जा रहा है।