बलिया में प्रेमजाल में फंसाकर हिंदू युवती से किया निकाह, मतांतरण सहित पति और ससुर पर दुष्कर्म का लगाया आरोप
बलिया में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर उत्पीड़न, जबरन मतांतरण, निकाह, मारपीट और दुष्कर्म का ...और पढ़ें

बलिया में महिला ने पति-ससुर पर लगाया मतांतरण और दुष्कर्म का गंभीर आरोप।
HighLights
महिला ने पति और ससुराल वालों पर गंभीर उत्पीड़न का आरोप लगाया।
जबरन मतांतरण, निकाह और दुष्कर्म करने की शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, बलिया। भीमपुरा क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर उत्पीड़न, जबरन मतांतरण, निकाह, मारपीट व दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजकर मुकदमा दर्ज कराने, मेडिकल परीक्षण कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
भीमपुरा क्षेत्र के एक गांव की महिला ने पत्रक में उल्लेख किया कि उसके पति ने खुद को हिन्दू बताकर पहले उसे प्रेमजाल में फंसा लिया था। आरोप है कि मुंबई से अपने घर लाने के बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध उसका मतांतरण और निकाह किया गया। इसके बाद से पति और ससुराल के अन्य लोगों द्वारा उसका लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जाता रहा।
महिला ने आरोप लगाया कि 16 अगस्त 2026 की रात उसके मुस्लिम पति और परिवार के अन्य लोगों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। यह भी आरोप है कि उसके ससुर ने उस पर ‘जिन्नात का साया’ होने की बात कहते हुए धर्म शुद्धिकरण के नाम पर भी उसके साथ जबरदस्ती की।
शिकायत में महिला ने बताया कि मारपीट के कारण उसकी आंखों की रोशनी प्रभावित हुई है। सिर में कई स्थानों पर चोट और सूजन है तथा वर्तमान में भी रक्तस्राव हो रहा है। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसका समुचित उपचार भी नहीं कराया। पीड़िता के मुताबिक, उसने मामले की सूचना भीमपुरा थाने पर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। थान प्रभारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में अभी नहीं है। यदि ऐसा होता है और शिकायत मिलती है तो जांच की जाएगी।
