राजकीय बालिका गृह पहुंचीं देवरिया की 7 बालिकाएं
जागरण संवाददाता, बलिया: देवरिया शेल्टर होम प्रकरण के बाद वहां से आईं सात बालिकाओं को
जागरण संवाददाता, बलिया: देवरिया शेल्टर होम प्रकरण के बाद वहां से आईं सात बालिकाओं को निधरिया स्थित राजकीय बालिका गृह शिफ्ट करा दिया गया। माना जा रहा है कि अभी कुछ और बालिकाओं को जल्द ही यहीं पर लाया जाएगा। प्रोबेशन अधिकारी एके पांडेय गुरुवार को पूरे दिन वहां रहकर व्यवस्था में जुटे रहे। शुक्रवार को अपनी मौजूदगी में उन्होंने बालिकाओं को दाखिल कराया। बालिकाओं के लिए बेड व अन्य जरूरी व्यवस्थाएं गुरूवार को ही कर दिया गया था। हालांकि बालिका गृह की क्षमता के हिसाब से वहां अधिक बालिकाएं हो गई हैं, लिहाजा वहां की व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखना किसी चुनौती से कम नहीं होगी।
देवरिया शेल्टर होम प्रकरण के बाद वहां से बालिकाओं को राजकीय बालिका गृह में शिफ्ट करने का निर्देश मिलते ही यहां उन सबकी व्यवस्था में अधिकारी जुट गये। गुरूवार को पूरी दिन प्रोबेशन अधिकारी एके पांडेय वहां मौजूद रहकर रहने व खाने के बेहतर इंतजाम करने में लगे रहे। शुक्रवार को सात बालिकाएं सुरक्षा के साथ राजकीय बालिका गृह पर लाई गईं।
क्षमता 50 की, हो गई हैं 64
निधरिया स्थित राजकीय बालिका गृह की क्षमता 50 बालिकाओं के रहने का है। लेकिन अब वहां कुल मिलाकर 64 बालिकाएं हो गयी हैं। अभी जल्द ही कुछ और बालिकाएं यहीं पर लाईं जाएंगी। पहले से ही वहां 57 बालिकाएं रह रही हैं। यानि पहले से ही यह बालिका गृह का लोड ज्यादा है। अब इन सात लड़कियों के आने से यहां की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखना एक चुनौती ही होगी। ऐसा इसलिए माना जा रहा है कि अभी दो साल पहले ही लड़कियों का उत्पात यहां के अफसर झेल चुके हैं।