विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में शिक्षक मतदाता के लिए 350 फार्म का हुआ था सत्यापन, 1200 बन गए नए वोटर

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 21 Oct 2026 05:15 PM (IST)

बलिया में वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में अनियमितता का मामला सामने आया है, जहां 350 सत्यापित ...और पढ़ें

बलिया में शिक्षक मतदाता सूची में बड़ा फर्जीवाड़ा, 350 सत्यापन पर 1200 नए वोटर।

बलिया में शिक्षक मतदाता सूची में बड़ा फर्जीवाड़ा, 350 सत्यापन पर 1200 नए वोटर।

HighLights

  1. शिक्षक मतदाता सूची में 350 पर 1200 नए नाम जुड़े।

  2. जिला विद्यालय निरीक्षक ने अनियमितताओं की जांच के आदेश दिए।

  3. अधूरे आवेदन और गलत प्रमाणन की शिकायतें मिलीं।

जागरण संवाददाता, बलिया। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से नए मतदाता जोड़ने के लिए मात्र 350 मतदाताओं को सत्यापन किया गया है, जबकि सूची में लगभग 1200 नए बढ़े हैं।

इसको लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा है। उन्होंने शिक्षक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए जमा किए गए आवेदन पत्रों की जांच कराने और गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की आवश्यकता जताई है।

पत्र के अनुसार बेल्थरारोड तहसील से मिले 46 आवेदनों में 44 में फोटो, शिक्षण संस्था का नाम और शिक्षण अनुभव जैसी आवश्यक जानकारियां नहीं थीं। वहीं, रसड़ा से मिले 90 आवेदनों में 86 आवेदन अधूरे पाए गए। सदर तहसील से मिले 30 आवेदनों में भी 24 में जरूरी विवरण नहीं थे।

कुछ आवेदनों का सत्यापन कराया गया, जबकि आवश्यक विवरण नहीं होने वाले आवेदन निरस्त किए गए या वापस किए गए। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विभिन्न उम्मीदवारों, राजनीतिक दलों और शिक्षक प्रतिनिधियों ने शिकायत की है कि कुछ लोगों के नाम शिक्षक होने का प्रमाणन प्राप्त किए बिना मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं।

कुछ मदरसा शिक्षकों के प्रमाणन पर भी सवाल उठाए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने शिकायतों की जांच के बाद कथित रूप से गलत प्रमाणन कराने वाले शिक्षकों, संबंधित विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की आवश्यकता जताई है।

शिक्षक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से मात्र 350 नए फार्म का सत्यापन किया गया है, लेकिन लगभग 1200 नए वोटर बन गए हैं। इसकी जांच के लिए तथ्यों के साथ उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा है।

-

मनोज कुमार मिश्र, डीआइओएस, बलिया।