अवैध संबंधों के शक में हुई थी अनुसूचित जाति महिला की हत्या
बहराइच : 15 मई को रामगांव थाना क्षेत्र के फत्तेपुरवा गांव में आठ दिन पहले अनुसूचित जाति की
बहराइच : 15 मई को रामगांव थाना क्षेत्र के फत्तेपुरवा गांव में आठ दिन पहले अनुसूचित जाति की महिला की हत्या कर शव को गांव से बाहर फेंक दिया गया था। पुलिस ने हत्यारोपित को गिरफ्तार कर जेल रवाना कर दिया। पूछताछ के दौरान हत्यारोपित ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि अवैध संबंधों के शक में महिला की हत्या कर शव को फेंक दिया गया था। एक अन्य हत्यारोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।
15 मई की रात थाना क्षेत्र के फत्तेपुरवा गांव निवासी अनुसूचित जाति की महिला संपता उर्फ कामती पत्नी स्व. शोभाराम की हत्या कर शव को आईटीआई कालेज के बगल में फेंक दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मृतका के भतीजे ओमप्रकाश पुत्र चेतराम की तहरीर पर हत्या व एससी-एसटी का मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू की। बुधवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इस हत्याकांड में ¨झगहाघाट के पास से मुहम्मदनगर के नन्हापुरवा गांव निवासी आज्ञाराम पुत्र सुमिरन को धर दबोचा। पूछताछ में हत्यारोपित ने बताया कि महिला विधवा थी। मृतका व उसने आपसी सहमति से 18 अगस्त 2017 को स्टांप पेपर पर राजीनामा लिखकर पति-पत्नी के रूप में रहने का वादा किया था। आरोपित ने पुलिस को बताया कि राजीनामा लिखने के बाद उसे महिला का चाल-चलन ठीक नहीं लगा। उसे शक था कि महिला के दूसरे से अवैध संबंध थे। इसी शक में उसने अपने बहनोई की मदद से महिला की हत्या की साजिश रची। हत्यारोपित ने बताया कि मृतका व उसके गांव के बीच चंद कदम का फासला है। दोनों गांव के बाहर आकर मुलाकात कर लेते थे। उस रात आरोपित ने महिला को गांव के पास खेत में बुलाया और गला दबाकर हत्या कर दी। अपने बहनोई के सहयोग से शव को तकरीबन 300 मीटर दूर आईटीआई कालेज की दीवार के पास फेंक दिया। एसओ ब्रम्हानंद ¨सह ने बताया कि आज्ञाराम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए आरोपित का बहनोई काजीजोत गांव निवासी अनिल लोधी की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में एसआई शैलेंद्र कुमार, आरक्षी लालमन यादव, इंद्र कुमार झा, धर्मेंद्र प्रताप ¨सह व राम ललित शामिल रहे।