Bahraich: बिना तलाक के दूसरी बीवी को घर ले आया पति, पत्नी के विरोध करने पर बेल्ट व लाठी-डंडों से की पिटाई
पीड़िता की तहरीर पर पति व घर के अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला की तहरीर पर महिला थाने में भी एक और मुकदमा दहेज उत्पीड़न संबंधी दर्ज हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।
बहराइच, जागरण संवाददाता। बिना तीन तलाक के दूसरी शादी रचाने वाले पति की कारगुजारियाों का विरोध करने वाली फखरपुर के सरायकाजी निवासी महिला को पति व ससुरालीजन ने बेल्ट व लाठी-डडों से जमकर पीटा। घटना की जानकारी पाकर मायके वाले भी पहुंच गए। पिटाइ से चोटिल महिला के उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। मामले में पति समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फखरपुर इलाके के सरायकाजी की रहने वाली शबीना खातून की शादी आठ जून 2015 को गांव इलाके के अफरोज के साथ हुई थी। आरोप है कि उसके तीन बच्चे भी हैं। अफरोज ने इस दौरान दूसरी महिला से संबंध बना लिए। पत्नी को जब इसकी जानकारी हुई तो वह विरोध करने लगी जिस पर पति व ससुरालीजन द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
शबीना का आरोप है कि पति बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर महिला को घर ले आया। इससे नाराज होकर पुलिस को तहरीर दी गई है। जानकारी होने पर पति अफरोज व अन्य ससुरालीजन ने उसे बेल्ट से पीटा। इससे भी जब लोगों का जी नहीं भरा तो लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर उसे घर से भगा दिया गया। महिला के शरीर पर बने चोटों के निशान पिटाई की पुष्टि कर रहे हैं।
पीड़िता का आरोप है कि क्षेत्र के कद्दावर सपा नेता इस मामले में आरापितों की पैरोकारी में पुलिस पर दबाव बनाने का काम कर रहे हैं। थानाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति व अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि महिला की तहरीर पर महिला थाने में भी एक और मुकदमा दहेज उत्पीड़न संबंधी दर्ज हुआ है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।