आग से गेहूं की फसल के साथ आठ आशियाने जलकर खाक
बहराइच जिले में कई स्थानों पर आग ने कहर ढाया। गेहूं की फसल समेत आठ घर जलकर राख हो गई।
बहराइच: जिले में कई स्थानों पर आग ने कहर ढाया। गेहूं की फसल समेत आठ घर जलकर राख हो गए। इससे लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
थाना खैरीघाट के ग्राम झुंडी दाखिला चौकसाहार में बुधवार दोपहर साढ़े तीन बजे अज्ञात कारणों से शंभू के घर में आग लग गई। उस समय परिवारजन खेत में गेहूं काटने गए थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। श्यामलाल, जिलेराम, जगतराम, राजपथ, अखिलेश, ननकऊ सहित सात घरों को अपने आगोश में ले लिया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। समाचार लिखने तक मौके पर पुलिस या राजस्व कर्मी नहीं पहुंचा था। ग्रामीणों का करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
देहात कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को हुए अग्निकांड में एक आशियाना व दो किसानों की तीन बीघे गेंहू की फसल जल गई। अग्निकांड में नहकटिया के विश्राम का आशियाना जल गया। पूरी गृहस्थी राख हो गई। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आसपास के घरों को जलने से बचा लिया। चेतरा में आग लगने से प्रकाशचंद्र द्विवेदी की एक बीघा व ईश्वरदीन की दो बीघा गेंहू की फसल जल गई। तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। क्षति का आकलन कराकर पीड़ित को सहायता दिलाई जाएगी।
बौंडी थाना क्षेत्र के चुरवलिया गांव स्थित घाघरा के कछार में सिलौटा निवासी रामकुमार की गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। लोग जब तक मौके पर पहुंचकर बुझाने का प्रयास करते 15 बीघे फसल जल गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।